रात को बाइक सवार युवकों ने शहर के बिजली निगम कार्यालय में तैनात होमगार्ड पर डंडों से हमला कर दिया। हमलावर होमगार्ड से ट्रांसफार्मर का तेल मांग रहे थे। घायल को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।अस्पताल में उपचाराधीन होमगार्ड पवन निवासी रावलधी ने बताया कि वह रात को रेलवे रोड स्थित बिजली निगम कार्यालय में डयूटी पर तैनात था।
इसी बीच तीन बाइक सवार युवक आए। इन युवकों ने जबरन ट्रांसफार्मर का तेल मांगा। तेल देने से इन्कार करने पर युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। बाद में डंडों से हमला कर दिया गया। पवन के मुंह पर गहरी चोटें आई हैं। इसस वह बेहोश हो गया। होश आने पर उसने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने मौके पर जाकर घटना का जायजा लिया।शहर पुलिस एसआई पवन कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर खोजबीन शुरू कर दी है।