हरियाणा के भिवानी में दोस्त के बेटे की बरात में शहर की जाट धर्मशाला में आए राजस्थान पुलिस के हेड कांस्टेबल को अगवा कर उसकी सुनसान जगह पर ले जाकर बिंडों से बेरहमी से पिटाई की गई। साहसी हेड कांस्टेबल ने हमलावरों से मुकाबला कर अपने को बमुश्किल छुड़ाया। पुलिस ने घायल हेड कांस्टेबल को नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया गया।
उसके सिर में छह टांके आए हैं। वारदात की सूचना मिलते ही जयपुर से उनके परिजन भी भिवानी पहुंचे। वहीं, शहर थाना पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज कर इस संबंध में कार्रवाई शुरू कर दी है।
भिवानी पहुंचे जयपुर निवासी संदीप चौधरी ने बताया कि उनके पिता रमेश कुमार (55) राजस्थान पुलिस में बतौर हेड कांस्टेबल कार्यरत हैं। उनकी पोस्टिंग जयपुर है। रविवार को उनके पिता गांव केहरपुरा से अपने दोस्त के बेटे की बरात में शामिल होने के लिए भिवानी की जाट धर्मशाला में यहां आए थे।
रविवार देर रात करीब साढ़े 12 से एक बजे के बीच जब उनके पिता खाना खाने के बाद अपनी गाड़ी को देखने के लिए धर्मशाला से बाहर आए तो एक युवक ने उनसे कहा कि कोई दूल्हे की गाड़ी के गुलाब का फूल तोड़ रहा है। इस पर वे उस युवक के साथ वहां पहुंचे तो दूल्हे की गाड़ी के समीप एक सफेद रंग की गाड़ी खड़ी थी, जिसके अंदर पहले से ही एक युवक बैठा था।
इसी दौरान बाहर खड़े युवक ने उसे धक्का देकर जबरन गाड़ी के अंदर धकेल दिया और फिर गाड़ी चलाकर दोनों उसे भीम स्टेडियम मार्ग पर ले गए। इसके बाद, कार से नीचे उतारकर हेड कांस्टेबल की पिटाई की गई। आरोपियों के चंगुल से अपने को छुड़वाकर हेड कांस्टेबल ने सदर पुलिस थाना में देर रात एक बजे पहुंचा, जहां से पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए जिला नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया।
सोमवार सुबह परिजन और पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वारदात स्थल पर खून से सनी हेड कांस्टेबल की टोपी और खून से सने टूटे हुए बिंडे भी बरामद हुए। शहर थाना पुलिस ने आसपास के इलाके में सीसीटीवी कैमरों की भी तलाश की, जिससे की दोनों हमलावरों तक पहुंचा जा सके।
हेड कांस्टेबल का मोबाइल फोन भी गायब
सोमवार सुबह परिजन और पुलिस वारदात स्थल पर हेड कांस्टेबल का मोबाइल फोन भी तलाश रही थी, जो नहीं मिला। वहीं, खून से सनी टोपी मिल गई। आसपास काफी खून बिखरा पड़ा था, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि हमलावरों से हेडकांस्टेबल ने काफी देर तक संघर्ष हुआ है।
राजस्थान पुलिस के हेड कांस्टेबल के साथ हुई वारदात की सूचना थाने में दी गई थी। पुलिस इस संबंध में सीसीटीवी कैमरों की तलाश कर रही है।वहीं, घायल के बयान दर्ज कर इस संबंध में पुलिस कार्रवाई करेगी। वारदात स्थल से टूटे हुए बिंडे और खून से सनी टोपी बरामद हुई है।
-सुरेश कुमार इंचार्ज शहर थाना पुलिस भिवानी।