भिवानी में फोटोग्राफर सुनील की मौत हादसा नहीं बल्कि हत्या थी। ममेरे भाई ने उसे पहले खूब शराब पिलाई और फिर डाबर कॉलोनी स्थित जलघर के टैंक में धक्का दे दिया। पुलिस ने आरोपी युवक को काबू कर लिया है।
उल्लेखनीय है कि 27 दिसंबर से लापता भारत नगर वासी फोटोग्राफर 32 वर्षीय सुनील का शव छह जनवरी को डाबर कॉलोनी स्थित जलघर के टैंक में मिला था। मृतक के भाई नवीन ने हत्या के आरोप लगाए थे। नवीन ने अपने ममेरे भाई पर ही हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। जैन चौक चौकी पुलिस ने आरोपी ममेरे भाई पंकज को गिरफ्तार कर लिया है।
दादरी गेट कौंट रोड पर रहने वाला पंकज दवाई की दुकान चलाता है। पुलिस पूछताछ में पंकज ने बताया कि उनका पुराना विवाद चल रहा है। इसी कारण उसका व सुनील का झगड़ा हुआ। बाद में उसने सुनील को धक्का दे दिया। उसने सुनील को काफी शराब पिलाई थी। मृतक सुनील के भाई नवीन ने बताया कि पंकज जबरन उसके भाई को शोक जताने लेकर गया। पहले भारत नगर में साथियों के साथ शराब पिलाई। फिर नया बाजार में शराब पिलाई। रात 10 बजे भी बावड़ी गेट पर शराब पिलाई और फिर उसके भाई की हत्या की। मामले में शहर थाना प्रभारी बिक्रम सिंह ने बताया कि ममेरे भाई पंकज ने ही फोटोग्राफर सुनील की हत्या की थी। इनका पारिवारिक झगड़ा था। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में पंकज ने बताया कि उसने पहले सुनील को ज्यादा शराब पिलाई और फिर उठाकर जलघर के टैंक में फेंक दिया।