तोशाम में मोबाइल टॉवरों से बैटरी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हो गया है। दरअसल बैटरियों के लिए तेल मुहैया कराने वाले ही बैटरी चोरी करवाते थे। एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ने तीन आरोपियों केेे काबू किया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है।
सोमवार को एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ने मोबाइल टावरों को निशाना बनाकर बैटरी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। मोबाइल टावर पर कार्यरत कर्मी व टावरों पर तेल सप्लाई करने वाले ही इसमें संलिप्त मिले। टीम ने चोरी करने वाले तीन युवकों को काबू किया। जिनके कब्जे से तीन बैटरियां बरामद की हैं। न्यायालय में पेश कर तीनों आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लाया गया है।
पुलिस ने मामले में जिला हिसार के बुडाना निवासी कुलदीप, दो विभिन्न मोबाइल कंपनी के टावरों में टेक्निशियन बैराण निवासी संजय व सुनील को काबू किया। ये तीनों टावरों में तेल सप्लाई करते थे। संजय ने टावरों में तेल सप्लाई का ठेका लिया हुआ है। तीनों आरोपी मिलकर मोबाइल टावरों से बैटरियां चोरी करते थे। तीनों आरोपियों ने खानक के दो टावरों व मिरान के एक टावर से पांच दर्जन के करीब बैटरियां चोरी किए जाने का खुलासा हुआ है। रिमांड के दौरान अन्य टावरों से भी चोरी के मामलों का खुलासा संभव है।
यूं देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक संजय व सुनील टावरों में तेल सप्लाई के लिए जाते थे। इससे पूर्व दोनों तेल सप्लायर टेक्निशियन कुलदीप को फोन पर आने की सूचना देते थे। संजय व सुनील टावर में तेल लेकर पहुंचते थे। उससे पहले सूचना मिलने के बाद टेक्निशियन कुलदीप बैटरियां खोलकर तैयार रखता था। संजय व सुनील तेल की सप्लाई देकर लौटते समय बैटरियों को गाड़ी में ले जाते थे।
इस बारे में एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ के इंचार्ज एएसआई कृष्ण मलिक ने बताया कि आरोपी कुलदीप को तोशाम बस अड्डे से काबू किया गया है। मलिक ने बताया कि कुलदीप से पूछताछ की गई तो दो साथियों बैराण निवासी संजय व सुनील की घटना में शामिल होने की पुष्टि की। इसके बाद टीम ने संजय व सुनील को भी काबू किया। तीनों आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश दो दिन के रिमांड पर लाया गया।