भिवानी में दवा दुकानदार का परिवार सोया रहा और चोर घर में रखी संदूकों से करीब दो लाख की नगदी, करीब साढ़े तीन लाख के आभूषण चोरी कर फरार हो गए। चोर भागने लगे तब परिजनों को जाग भी आई और पीछा भी किया, मगर तब तक चोर फरार हो चुके थे। चोरी की वारदात दादरी गेट कौंट रोड स्थित लक्ष्मी नगर में हुई। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर सबूत जुटाए।
चोरों ने लक्ष्मीनगर वासी जमींदार राजबीर सिंह के मकान को अपना निशाना बनाया। राजबीर के लड़के सोनू की दादरी गेट पर दवा की दुकान है। दुकानदार सोनू ने बताया कि परिवार के अधिकतर सदस्य बरामदे में सो रहे थे। अंदर कूलर के सामने बहन और भाई सो रहे थे। चोर संदूकों से नगदी व आभूषण चोरी कर ले गए। जब जाने लगे तो चोर का पांव उसकी बहन से टकराया। जिसके बाद बहन ने शोर मचाया। शोर के बाद उन्होंने चोर का पीछा किया मगर वह घर की छत से कूदकर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। यह बात करीब ढाई बजे की है जबकि परिवार के सदस्य 12 बजे तक तो जाग रहे थे। सोनू ने बताया कि उसके भाई की कुछ दिन पहले ही शादी हुई थी। चोर सारे आभूषण उठा ले गए। करीब 12 तौले सोने के आभूषण, करीब आधा किलो चांदी के आभूषण, करीब दो लाख की नगदी चोरी की गई। मामले की सूचना पर जैन चौक चौकी इंचार्ज जगबीर सिंह व फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट कुलदीप मौके पर पहुंचे और मौके से सबूत जुटाए। मामले में चौकी इंचार्ज जगबरी सिंह बताया कि चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
किसी नजदीकी पर ही शक
कमरा इतना अंदर है और उस कमरे में रखी संदूकों में ही नगदी व आभूषण है यह चोरों को कैसे पता लगा। पुलिस को वारदात में किसी नजदीकी पर शक लग रहा है।