तोशाम के रिवासा निवासी एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने उकलाना मंडी निवासी पति, सास सहित छह नामजद लोगों के खिलाफ दहेज के लिए तंग करना, जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
सोमवार को रिवासा निवासी मोनू ने बताया कि उसकी शादी 24 फरवरी 2014 को उकलाना मंडी निवासी सुमित के साथ हिंदू रीति रिवाज के अनुसार हिसार में हुई थी। मोनू ने बताया उसके पिता ने शादी के समय अपनी हैसियत से ज्यादा पैसे खर्च किए थे। पीड़ित मोनू ने बताया कि सुसराल पक्ष के लोग शादी के बाद उसके द्वारा ले जाए गए दान-दहेज से संतुष्ट नहीं हुए और घटिया व कम दहेज लाने के ताने मारकर मोनू को दहेज लाने के लिए तंग करने लगे। उसके बाद मोनू अपने मायके आकर रहने लगी।
कुछ दिन बाद मोनू के सुसराल पक्ष के लोगों ने पंचायत कर फैसला कर लिया कि वे अब मोनू को तंग नहीं करेंगे और मोनू को अपने साथ ले गए। पंचायत के बाद भी सुसराल पक्ष के लोग नहीं माने और मोनू को फिर से दहेज लाने के लिए तंग करने लगे। मोनू ने इसकी शिकायत पुलिस को दी पुलिस ने मोनू की शिकायत पर उकलाना मंडी निवासी पति सुमित, सास नेहा, नरेश व तीन अन्य के खिलाफ भादस की धारा 323, 498ए, 506 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। इस बारे में थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया है छानबीन की जा रही है।