भिवानी के गांव श्यामकलान में अज्ञात लोगों द्वारा राहगीर की कार को टक्कर मारने और फिर फायरिंग का मामला सामने आया है। आरोपी कार छोड़कर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके से तीन कारतूस खोल व कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में श्यामकलान निवसी जयवीर ने बताया कि रविवार दोपहर को वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ कार में सवार होकर गांव से ढिगावा की ओर जा रहा था। जब वह गांव में स्थित देसी शराब के ठेके के पास पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद तीन कार सवारों ने अपनी कार से जानबूझकर उसकी कार को टक्कर मार दी। विरोध करने पर दोनों में कहासुनी हो गई। शोर-शराबा सुनकर जब आस पास के लोग वहां पहुंचे तो आरोपी कार छोड़कर फायर करते हुए खेतों की ओर भाग गए। गनीमत रही की गोली किसी को लगी नहीं। सूचना पाकर बाढड़ा थाना पुलिस व सीआइए भिवानी की टीमें मौके पर पहुंची।
आगे दिल्ली और पीछे राजस्थान के नंबर
फायर करने वाले लोगों की जिस कार को पुलिस ने कब्जे में लिया है, उसके आगे दिल्ली के नंबर हैं और पीछे राजस्थान के नंबर मिले।
जांच अधिकारी एसआई ओमप्रकाश यादव ने बताया कि कार के आगे-पीछे अलग-अलग नंबर हैं। उन्होंने बताया कि अभी स्पष्ट रुप से नहीं कहा जा सकता कि कितने फायर हुए हैं। पुलिस को एक बड़ा व दो छोटे कारतूस खोल मिले है।
पुलिस कार्यवाई कर रही है। पुलिस टीमें अलग-अलग जगह पर छापेमारी कर रही है। आरोपियों को जल्द पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
सूरजभान, थाना प्रभारी बाढड़ा