चरखी दादरी के बिरहीं कलां के केनरा बैंक में सेंधमारी कर 37 लाख की करेंसी चुराने के दो आरोपियों से पुलिस ने छह लाख रुपये की करेंसी बरामद कर ली है। आरोपियों को जिला पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर लिया था। वहीं, पुलिस ने सोमवार को एक आरोपी को न्यायालय में पेश कर वापस जेल भेज दिया जबकि दूसरे को बाकी रिकवरी के लिए एक दिन के रिमांड पर लिया है।
गौरतलब है कि गांव बिरही कलां स्थित केनरा बैंक में 22 दिसंबर 2016 की रात चोरों ने सेंध लगाकर पुरानी व नई करेंसी चोरी कर ली थी। चोरों ने स्ट्रांग रूम में रखे करीब 37 लाख 78 हजार रुपये चुराए थे। जब ये चोर महम के एक बैंक में और सेंधमारी कर रहे थे पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दबिश देकर सोनीपत के गांव छतेहरा निवासी सुनील उर्फ छिल्ला को मौके से गिरफ्तार किया था। इसके बाद रोहतक पुलिस ने सुनील की निशानदेही पर चोरी का दूसरा आरोपी इस्माईला निवासी संजीत को दिल्ली से गिरफ्तार किया था। दादरी सदर थाना पुलिस दोनों आरोपियों को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई थी। पूछताछ के दौरान इनकी निशानदेही पर करीब छह लाख रुपये की करेंसी पुलिस को बरामद हुई। पुलिस ने कोर्ट में पेश कर संजीत को जेल भेज दिया गया जबकि दूसरे आरोपी सुनील को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
सुनील उर्फ छिल्ला से दो लाख और संजीत से चार लाख की करेंसी की पुलिस पूछताछ में रिकवरी हुई है। सुनील को रिमांड पर लेकर बाकी रिकवरी के लिए पूछताछ की जा रही है।
एएसआई जोगेंद्र सिंह, जांच अधिकारी