भिवानी। हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक और जींद जिला में 30 से अधिक भैंस चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय चोर गिरोह का एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस गिरोह के सरगना सहित पांच सदस्यों को वाहन लूटने की योजना बनाते गिरफ्तार किया। जिनके कब्जे से अवैध हथियार, पिकअप डाला सहित अन्य सामान भी बरामद किया गया है। जांच में सामने आया कि ये पशु चोर गिरोह के सदस्य है और अब तक करीब 30 वारदातों को अंजाम देकर करीब 40 से अधिक भैंसें चोरी कर चुके है। नेटवर्क ऐसा बना रखा है कि भैंस चोरी करने के बाद तुरंत गाड़ी में बैठा यूपी में भेज दिया जाता। अब पुलिस के सामने यूपी के कुछ लोगों के नाम सामने आए है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस वहां छापेमारी करेगी।
पुलिस की गिरफ्त में आए यूपी के शामली जिला के गांव मंगलोरा निवासी आशुल, जंगेश उर्फ काला, राहुल उर्फ छोटे ने गोहाना रोड लाखन माजरा निवासी सुरेश, सिवानी निवासी बगडावत के साथ मिलकर भैंस चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। अब तक इस गिरोह के सदस्यों ने गांव छपार, ढाणी मिरान, भैरा, ढाणी भाकरा, मंढोली खुर्द, सीरसी, दुल्हेड़ी, मिराण, सिहाडवा हिसार, देवा, पुट्ठी हिसार, थूराना हिसार, फरवाना की ढाणी, गोगाहेड़ी रोहतक में भैंसे चोरी की हैं। एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम इंचार्ज कृष्ण मलिक ने बताया कि पिछले छह माह से यह गिरोह लगातार सक्रिय था और लगातार भैंस चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। इनके पास से बरामद पिकअप डाला करनाल के विनोद के नाम रजिस्टर्ड हैं, जिसे जंगेश उर्फ काला को बेचा गया। फिलहाल आरोपियों ने यह चोरी किया हुआ था। अब तक की जांच में सामने आया कि इनके कुछ अन्य सदस्य भी है । जो अलग-अलग जिलों में है। ये दिन में रैकी करते और रात को वाहन लेकर आते और भैंस चोरी कर हाथों-हाथ यूपी में भेज देते ताकि भैंसों का कोई सुराग नहीं लग सके। यूपी में गिरोह के सदस्य भैंसों को बेच देते है।। अंशुल और सुरेश इस गिरोह के सरगना हैं।
रात को कर रहे थे वाहन लूट की तैयारी
एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम के इंचार्ज कृष्ण मलिक ने बताया कि ये सभी तोशाम से बवानीखेड़ा रोड पर रात का लूट की योजना बना रहे थे। इनके कब्जे से एक पिकअप डाला, 315 बोर का देशी पिस्तौल, छह जिंदा कारतूस, एक हॉकी व बेसबल्ला, एक बैटरी बरामद की गई है। वारदात को अंजाम देते समय ये गिरोह अपने साथ नुकीले पत्थर और हथियार लेकर चलते थे। सभी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया और पांच जनवरी तक के रिमांड पर लिया गया है। इस दौरान चोरी की वारदातों के बारे में पूछताछ की जाएगी। आरोपियों से और भी वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद है। पुलिस इनके साथियों के साथ-साथ चोरी की गई भैंसों की रिकवरी का भी प्रयास करेगी।
फोटो: 04