अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। स्वाइन फ्लू से दो की मौत और दो गंभीर होने के बाद लगातार दूसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीम गांवों और शहर की विभिन्न कॉलोनियों में जांच अभियान चलाती रही। शुक्रवार को दो सैंपल जांच के लिए रोहतक लैब में भेजे गए। वहीं स्वाइन फ्लू मरीजों के लिए बनाए गए आइसोलेशन वार्ड में भी पहला मरीज भर्ती हुआ। इसका सैंपल शनिवार को जांच के लिए भेजा जाएगा।
भिवानी में अब तक स्वाइन फ्लू के पांच मरीज सामने आ चुके है। एक मरीज जनवरी माह में सामने आया था तो चार मरीज पिछले सप्ताहभर में सामने आए है। इनमें से एक युवक और एक महिला की मौत हो चुकी है जबकि एक व्यक्ति और एक बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों को हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मरीजों की मौत से स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप मचा है। शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन टीम तोशाम, भिवानी ब्लॉक के विभिन्न गांवों में पहुंचे। मरीजों के सैंपल लिए और लोगों को जागरूक भी किया। टीम ने अब तक पाजिटिव आए मरीजों के दो परिजनों के सैंपल लेकर जांच के लिए शुक्रवार को रोहतक लैब भेजे।
50 वर्षीय व्यक्ति हुआ आइसोलेशन वार्ड में भर्ती
स्वाइन फ्लू मरीजों के लिए बनाए आइसोलेशन वार्ड में वीरवार रात को पहला मरीज पहुंचा। बैंक कॉलोनी क्षेत्र की एक कॉलोनी के 50 वर्षीय व्यक्ति को उपचार के लिए यहां भर्ती कराया गया। संदिग्ध स्वाइन फ्लू मरीज का सैंपल लिया गया है। जिसे शनिवार को जांच के लिए भेजा जाएगा। मरीज के परिजनों ने बताया कि उसे पांच-छह दिन से बुखार है। पहले खांसी थी और अब बुखार है।
स्वाइन फ्लू के उपचार के लिए डायल करें 9034890243
स्वास्थ्य विभाग ने आइसोलेशन वार्ड बनाने के अलावा डॉ. ज्योति को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। स्वाईन फ्लू के उपचार आदि की जानकारी के लिए मरीज उनके फोन नंबर 9034890243 पर संपर्क कर सकते हैं। सिविल सर्जन डा. आदित्य स्वरूप गुप्ता ने बताया कि विभाग द्वारा आशा वर्करों द्वारा पंपलेट के माध्यम से नागरिकों के स्वाईन फ्लू से बचाव के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जागरूक भी किया जा रहा है। स्वाइन फ्लू के उपचार के लिए विभाग ने भिवानी में जेबी गुप्ता, चुघ अस्पताल व स्पेश अस्पताल को पैनल पर लिया है।