अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। कबाड़ी से रुपये उधार लेकर दो युवकों ने मां-बाप का इलाज करवाने के लिए गांव-गांव जाकर बर्तन बेचने का काम शुरू किया था। कुछ दिन बाद कबाड़ी से झगड़ा हुआ तो उसने सामान नहीं बेचने दिया और देखते ही देखते दोनों युवकों पर 50 हजार रुपये का कर्जा बना दिया। वहीं, तीसरे युवक ने कबाड़ी से भाई की शादी के लिए पांच हजार रुपये लिये थे। कबाड़ी का कर्जा उतारने के लिए तीनों युवकों ने बाइक चोरी करनी शुरू कर दी। इस बात का खुलासा सिविल लाइन पुलिस द्वारा पकड़े गए दोनों युवकों ने पूछताछ में किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया है। पुलिस अब कबाड़ी और फरार चल रहे तीसरे युवकों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है।
बता दें कि थाना सिविल लाइन क्षेत्र में लगातार बाइक चोरी की वारदात हो रही थी। बीती रात पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को काबू कर लिया। आरोपियों की पहचान बवानी खेड़ा ढाणी निवासी मोनू पुत्र सुभाष व चंद्रेश पुत्र हीरालाल के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो बाइक बरामद की हैं। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया हुआ है। आरोपी बाबी पुत्र राजू व कबाड़ी नरेश के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
बाइक चोरी कर कबाड़ी को तोल के भाव में बेचते थे
आरोपी मोनू व चंद्रेश ने बताया कि वे कर्जा उतारने के लिए बाइक चोरी करते थे और फिर कबाड़ी जमालपुर निवासी नरेश को बेच देते थे। कबाड़ी बाइक को चोरी के भाव में लेता था। उन्हें एक बाइक के दो से ढाई हजार रुपये मिलते थे। कबाड़ी खर्चे के लिए 500 रुपये देता और बाकी कर्जे में काट लेता था।
ज्यादा पढ़े-लिखे नहीं हैं तीनों आरोपी
मोनू, चंद्रेश व सोनीपत जिले के गांव बरौटा अकबरपुर निवासी बॉबी ज्यादा पढ़े लिखे नहीं हैं। मोनू जहां पांचवीं तक पढ़ा है तो चंद्रेश छठी तक। बाबी नौवीं तक ही पढ़ा है। मोनू ने बताया कि वे उन बाइकों को चोरी करते थे जिनका लॉक नहीं लगा हुआ था। कबाड़ी नरेश ने ही उन्हें बाइक की लीड कैसे स्टार्ट करनी है बताया था। कबाड़ी ने कहा था कि जब तक कर्जा नहीं उतर जाता वे बाइक चोरी करके लाते रहो।
कबाड़ी बाइकों को काटकर बेचता था पार्ट
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए बाइक चोर करने वाले आरोपियों ने बताया कि वे बाइक चोरी करके कबाड़ी नरेश को बेच देते थे। वह बाइक को काटकर कबाड़ में बेच देता था। जो पार्ट उनके ठीक होते तो उन्हें अलग बेचता था। बाइक पकड़ी ना जाए इसके लिए वे बाइकों पर काले रंग की लेमिनेशन कर देता था। पुलिस अब कबाड़ी और काटी गई बाइकों को बरामद करने में जुटी है।
आरोपियों से चल रही है पूछताछ : अजित
थाना सिविल लाइन प्रभारी एसआई अजित ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी मोनू व चंद्रेश को दो दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ चल रही है। आरोपियों से चोरी की गई दो बाइक बरामद की है। कबाड़ी व फरार चल रहे तीसरे आरोपी को पकडने के लिए छापेमारी चल रही है।