आजाद हिंद फौज के सिपाही की जमीन हड़पने के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार
- पहले ही हो चुके हैं सात आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। आजाद हिंद फौज में सिपाही की मां को सरकार की तरफ से मिली करोड़ों की जमीन को धोखाधड़ी से फर्जी लोगों के सहारे कोड़ियों के भाव बेचने के मामले में इकोनोमिक सेल ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस धोखाधड़ी के मामले में उत्तर प्रदेश निवासी अजीत को गिरफ्तार किया है। जिसने अतुल की जगह खड़े होकर तहसील कार्यालय में फर्जी तरीके से जमीन बेचने के नाम पर रजिस्ट्री कराई थी। इकोनोमिक सेल से जांच अधिकारी वेद सिंह ने बताया कि इस मामले में पुलिस द्वारा पहले ही सात आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी हैं, जबकि इसी मामले में इसे भी गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। दरअसल हिसार के एयरपोर्ट के समीप आजाद हिंद फौज में सिपाही रहे रामधन की मां हरबाई को साढ़े 12 एकड़ जमीन सरकार की तरफ से मिली थी। करोड़ों रुपयों की इस जमीन पर कुछ प्रॉपर्टी डीलरों के साथ मिलकर 2014 में शहीद के भतीजे ने ही जमीन धोखाधड़ी से बेचने की साजिश रची थी। पुलिस अधीक्षक की सिफारिश के बाद 21 सितंबर 2018 को इस संबंध में सिविल लाइन पुलिस द्वारा धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया था।