अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। भिवानी-रेवाड़ी रेलमार्ग पर हालुवास फाटक के समीप ट्रेन की चपेट में आने से नौंवी के छात्र की मौत हो गई। मृतक छात्र रविवार शाम पांच बजे घर से खेलने के लिए निकला था। सोमवार सुबह राजकीय रेलवे पुलिस को फोन पर हादसे की सूचना मिली। मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।
आजाद नगर नई बस्ती निवासी 13 वर्षीय राहुल रविवार शाम करीब पांच बजे खेलने के लिए घर से निकला था। काफी समय बाद भी वापस घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश की। रातभर परिजन बच्चे को तलाशते रहे। सुबह बच्चे का शव हालुवास फाटक के निकट रेलवे ट्रैक पर मिला। सूचना पर राजकीय रेलवे पुलिस सुबह करीब नौ बजे हालुवास फाटक पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया।
मृतक के भाई शंकर ने बताया कि राहुल दो भाई व दो बहनों में सबसे छोटा था। राहुल हनुमान ढाणी स्थित सरकारी स्कूल में नौंवी कक्षा का छात्र था। गत 2 मार्च को उसने पहला पेपर दिया था और हादसे के एक दिन बाद ही उसका दूसरा पेपर था। उन्हें नहीं पता कि कैसे हादसा हुआ।
राजकीय रेलवे पुलिस चौकी इंचार्ज सुशील कुमार ने बताया कि मृतक राहुल रेलवे ट्रैक के समीप जा रहा था। इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हुई। मृतक के भाई शंकर के बयान दर्ज कर राहुल के शव का जिला सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। पुलिस ने इस संबंध में इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई की है।
मोबाइल मिला, नहीं थी सिम
बच्चे के पास मोबाइल भी था। पुलिस ने मौके से टूटा हुआ मोबाइल तो बरामद किया मगर उसमें सिम नहीं थी। अब आशंका है कि मोबाइल में पहले से ही सिम नहीं थी या बाद में किसी ने ली।