अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। पिछले दिनों चोरी-छिपे नगर परिषद में प्रॉपर्टी असेसमेंट के रेट सौ से बढ़ाकर पांच सौ रुपये कर दिए गए थे। वीरवार को हुई नप सदन की बैठक में मामला गूंजा और रेट पांच सौ रुपये से घटाकर दो सौ रुपये कर दी गई। अमर उजाला ने इस मुद्दे को प्रमुख से उठाया था। बैठक में पीएम आवास योजना, शहर का दायरा बढ़ाने, पार्षदों का मानदेय बढ़ाने, सफाई कर्मचारियों का वेतन आदि मुद्दे पर उठे। विधायक और चेयरमैन ने समस्याओं का जल्द समाधान कराने का आश्वास दिया। इसके अलावा पार्षदों ने वार्डों के अंदर साफ सफाई पर भी सवाल उठाए। पार्षदों ने बजट को लेकर भी हंगामा किया और अपने वार्डों में विकास को लेकर भेदभाव के आरोप भी जड़े।
वीरवार दोपहर बाद रेलवे रोड स्थित नगर परिषद कार्यालय में नगर परिषद की बैठक प्रधान रण सिंह यादव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विधायक घनश्याम सर्राफ ने भी शिरकत की और उन्होंने आते ही नप अधिकारियों से शहर में बकाया टैक्स जमा कराने की हिदायतें दी। इसी के साथ विधायक ने असेसमेंट लेने के लिए पांच सौ रुपये बढ़ाई गई फीस को तुरंत वापस लेने की बात कही। इस पर नप चेयरमैन ने असेसमेंट की फीस को पांच सौ से घटाकर 200 रुपये तत्काल प्रभाव से किए जाने की बात कही। अमर उजाला ने इस समाचार को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
सदन की बैठक में विधायक ने कहा कि दस करोड़ रुपयों के विकास कार्य जल्द ही आवंटित किए जाएंगे। जिसके टेंडर आगामी तीन से चार दिन में लगा दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के कुछ कामर्शियल नक्शों में दिक्कतें आ रही हैं, जिन्हें जल्द ही दूर कराया जाएगा। बैठक में सफाई कर्मचारियों को पिछले तीन माह से वेतन भुगतान नहीं होने का मुद्दा भी उछला, जिस पर विधायक बोले कि इन कर्मचारियों को जल्द से जल्द वेतन भुगतान कराने की दिशा में कदम उठाया जाएगा। इसके लिए वे शहरी निकाय मंत्री कविता जैन से भी बात करेंगे। इसके अलावा पार्षदों का मानदेय बढ़ाए जाने के लिए भी वे मुख्यमंत्री से बात करेंगे। उन्होंने कहा कि अर्ध सरकारी विभागों में सरकार मानदेय बढ़ाने का काम कर रही है, हाल ही में नंबरदारों का मानदेय 15 सौ से तीन हजार किया है। इसी तरह पार्षदों का मानदेय भी साढ़े सात हजार से 15 हजार किए जाने की मांग रखी जाएगी।
पार्षद बोले खुद करा रहे हैं हर माह प्राइवेट पैसे देकर कूड़े का उठान
नप सदन की बैठक में वार्ड 23 के पार्षद राजकुमार व 24 के पार्षद बिल्लू बादशाह ने कहा कि वे खुद पैसे देकर हर माह कूड़ा उठान करा रहे हैं। राजकुमार ने कहा कि उन्होंने टीपर ऑटो खराब होने पर उसे ठीक कराया था, जिसके 40 हजार का बिल भुगतान भी पिछले दो माह से नहीं किया गया है। पार्षदों ने कहा कि घर-घर कूड़ा उठाने के लिए तंग गलियों में ऑटो जहां नहीं पहुंचते, वहां रिक्शा रेहड़ी से कूड़ा कलेक्शन का काम भी सुचारु रूप से कराया जाए।
नप अमले में जल्द शामिल होंगे ऑटो और जेसीबी
नगर परिषद के अमले में 10 टीपर ऑटो और एक जेसीबी मशीन जल्द शामिल होगी। जिसका बजट भी आ चुका है, एक सप्ताह के अंदर इनकी खरीद की जाएगी। इसी तरह 50 रेहडिय़ां भी शामिल होंगी, जिन्हें प्रत्येक वार्ड में काम पर लगाया जाएगा।
दायरा बढ़ाने की रखी मांग
पार्षद सुभाष तंवर ने शहर का दायरा बढ़ाने की मांग की। उन्होंने कहा कि पहले 17 कॉलोनियों का दायरा बढ़ाने के लिए लिखा गया था। उस समय 10 कॉलोनियों को वैध किया गया। बाकी सात को भी वैध करते हुए शहर में शामिल किया जाना चाहिए।
ये रहे बैठक में मौजूद
नगर परिषद की बैठक में विधायक घनश्याम सर्राफ, नप चेयरमैन रणसिंह यादव, उपाध्यक्ष मामनचंद, ईओ अपूर्व चौधरी, एमई सुरेन्द्र सांगवान, पार्षद बिल्लू बादशाह, बलवान सिंह, पार्षद पति अशोक राघव, पार्षद दलबीर छोटू, पवन सैनी, आकाश मस्ता, सचिन यादव जूसवाला, पार्षद प्रतिनिधि सुभाष, राजकुमार, संदीप भारद्वाज सहित अनेक पार्षद मौजूद रहे।
नगर परिषद के चेयरमैन रणसिंह यादव ने बताया कि नगर परिषद की बैठक में पार्षदों के मानदेय बढ़ाने की बात उठी थी। इसके अलावा पांच करोड़ रुपये के टेंडर लगाए जा चुके हैं, जबकि दस करोड़ रुपये के टैंडर आगामी तीन दिनों में कर दिए जाएंगे। जिससे शहर की सभी गलियों को पक्का कराया जाएगा। इसके अलावा जोहड़ों के सुंदरीकरण के कार्यों के टेंडर हो चुके हैं, बजट आते ही काम शुरू करा दिया जाएगा।