भिवानी। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की सीवरेज शाखा की कार्यप्रणाली का भी कोई जवाब नहीं। लगातार चार बार सीवरेज मैनहोल दुरुस्त किए जाने के बाद पांचवीं बार फिर से सड़क का हिस्सा सीवरेज मैनहोल में ही जा धंसा। सीवरेज मैनहोल जमीन के अंदर धंसने से सड़क मेें भी बड़ा सा होल बन गया। जिससे कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
अब तक शिक्षा मार्ग पर सीवरेज की तीन जगह से मैन लाइन जमीन के अंदर धंस चुकी है। वहीं सोमवार को ही एक ट्रैक्टर ट्राली से ब्लॉक भी सड़क के बीच रास्ते में ही डाल दिए गए, जिससे कृष्णा कॉलोनी सरकुलर रोड से किरोड़ीमल मंदिर व बिचला बाजार की तरफ जाने वाला मार्ग भी अवरुद्ध हो गया। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि पिछले दो साल के दौरान पांचवीं बार शिक्षा मार्ग अल्पना होटल के साथ गली के सामने सीवरेज लाइन धंस गई है। राहगीर हादसे का शिकार ना हो इसके लिए आसपास ब्लॉक की ईंटे डाल दी गई है। लोगों का आरोप है कि पिछले दो साल के दौरान सीवरेज लाइन धंसने की वजह से इस मार्ग पर लाखों रुपयों का बजट पानी की तरह बहाया जा चुका है। इससे पहले राजधानी कॉपी की दुकान के सामने चौक पर सीवरेज लाइन धंस गई थी। इसी तरह इसी मार्ग पर बुधवारी माता मंदिर की गली के कोने पर सीवरेज लाइन धंस चुकी है। दुकानदारों ने बताया कि सोमवार दोपहर बाद ही अचानक सीवरेज का मैनहोल अंदर धंस गया था, जिसकी जानकारी भी तुरंत पब्लिक हेल्थ विभाग को दी गई, मगर अभी तक किसी भी अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर हालातों का जायजा लेना भी जरूरी नहीं समझा।