भिवानी। शहर के हांसी गेट क्षेत्र में एक दुकान के अंदर घुसकर एक बुजुर्ग व्यक्ति पर हमला कर उसे घायल करने के मामले में सिटी पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में मानान पाना निवासी 58 वर्षीय सुरेश कुमार गर्ग ने बताया कि उसके लड़के राकेश गर्ग का हांसी गेट पर अकाउंट का आफिस हैं, जिसके अंदर वो बैठता है। गत 23 अप्रैल की सुबह 11 बजे जब वह आफिस के अंदर धुप बत्ती कर रहा था तो इसी दौरान पास में ही कबाड़ी की दुकान संचालक उसके बेटे के आफिस के अंदर घुसकर उस पर लात-घूंसे बरसाने लगा। जब तक वह कुछ समझ पाता आरोपी ने उसे जमीन पर गिरा लिया और उस पर जमकर लात-घूंसे बरसाए और उसे जान से मारने की धमकी दी और फिर वह वहां से भाग गया। उसके तीन दांत भी टूट गए और उसे गंभीर चोटें आई। पुलिस ने बुजुर्ग की शिकायत पर आरोपी दुकानदार के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी।