सोहांसरा में डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत
लोहारू। लोहारू-महेंद्रगढ़ सड़क मार्ग पर मंगलवार शाम गांव सोहांसरा के नजदीक डंपर की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई। युवक के शव को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के शवगृह में रखा गया है। जानकारी के अनुसार गांव ढाणी समसाबास निवासी करीब 20 वर्षीय युवक दीपक का पिता गांव खूबीनगर में किराना की दुकान चलाता है वह अपने पिता को लेने गांव ढाणी समसाबास से खूबीनगर जा रहा था। बताया जा रहा है कि दीपक की डंपर के अचानक ब्रेक लगा देने से दीपक की मोटरसाइकिल डंपर से जा टकराई। जिससे दीपक गंभीर रूप से घायल होकर गिर गया। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से दीपक को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां चिकित्सकों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना लोहारू थाना पुलिस को दी गई है।