अमर उजाला ब्यूरो
बवानी खेड़ा। भिवानी जिला में ग्रामीण डाक कर्मचारी एवं पोस्टमैन ने सीआरपीएफ जवान के साथ मिलकर फर्जी पासबुक घोटाले को अंजाम दिए जाने का मामला सामने आया है। फिलहाल डाक विभाग के निरीक्षक की शिकायत पर बवानीखेड़ा पुलिस ने डाकघर में बचत खाता खुलवाने वाले लोगों को मोटा चूना लगाने वाले ग्रामीण डाक कर्मचारी सहित सीआरपीएफ जवान के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। वहीं, डाक विभाग ने भी आरोपी डाक कर्मचारी व पोस्टमैन को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी है।
भिवानी मुख्य डाकघर के निरीक्षक संजय कुमार ने बवानीखेड़ा पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि गांव किरावड़ में ग्रामीण डाक कर्मचारी मिरान निवासी अशोक ने डाकघर में सेविंग करने वाले लोगों की फर्जी तरीके से पासबुक बनाकर उनमें फर्जी एंट्री कर डाली, जिसके पैसे उसने सरकारी खजाने में जमा कराने की बजाए खुद ही डकार लिए। उसने इस गोरखधंधे को पोस्टमैन सतबीर के साथ मिलकर अंजाम दिया, जो तोशाम में तैनात किया गया था। इस गिरोह में उनके साथ गांव किरावड़ निवासी संदीप भी शामिल बताया जा रहा है, जो फिलहाल सीआरपीएफ का जवान है।
इस मामले की जांच तोशाम के डीएसपी कुलदीप सिंह कर रहे हैं। फिलहाल विभागीय कर्मचारी यह बताने से बच रहे हैं कि इन लोगों ने कितनी राशि का फर्जीवाड़ा करते हुए घोटाले को अंजाम दिया है, जबकि इस मामले में अभी भी कई परतें खुलना बाकी हैं।