बाइक को पीछे से कार ने मारी टक्कर, पिता की मौत, बेटा घायल
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
गांव धनाना के समीप सोमवार देर शाम को बाइक पर सवार होकर जा रहे एक व्यक्ति की बाइक में पीछे से कार ने टक्कर दे मारी। जिस कारण पिता की मौत हो गई, जबकि बाइक पर ही सवार बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को सामान्य अस्पताल लाया गया। वहां पर पिता को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल बेटों को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर कर दिया है। मुंढाल चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की।
गांव बांडाहेड़ी निवासी 50 वर्षीय करण सिंह अपने बेटे 20 वर्षीय राहुल के साथ भिवानी से बाइक पर सवार होकर सोमवार देर शाम को अपने गांव जा रहा था। इसी दौरान गांव धनाना के समीप पीछे से आ रही एक कार ने उनकी बाइक में टक्कर दे मारी। कार चालक मौके से फरार हो गया। घायलों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया। वहां पहुंचने पर करण सिंह की मौत हो गई, जबकि चिकित्सकों ने गंभीर हालत के कारण उसके बेटे राहुल को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया है।