अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले में भिवानी के वार्ड नंबर 10 की महिला पार्षद रेखा राघव को भी चपत लगा दी। महिला पार्षद रेखा राघव ने मामले की शिकायत सिटी पुलिस को दी। पुलिस ने महिला पार्षद की शिकायत पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी। पुलिस को दी शिकायत में बैंक कॉलोनी निवासी महिला पार्षद ने बताया कि रेलवे रोड सराय चौपटा क्षेत्र में उसका बैंक खाता है। जिससे 15 मार्च की रात 34 हजार रुपये की नकदी धोखाधड़ी से निकाली गई। उसके खाते से तीन बार एटीएम का इस्तेमाल कर नगदी निकाली गई। एक बार नगदी दिल्ली के विकास मार्ग प्रीति बिहार इलाके के एटीएम से 20 हजार निकाले गए जबकि दूसरी बार बदरपुर एटीएम से दूसरी बार 10 हजार व तीसरी बार 4 हजार रुपये की नगदी निकाली गई। बैंक खाता से नगदी निकाले जाने का मैसेज उसके फोन पर आया तो उसने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने इस संबंध में धोखाधड़ी का केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है।