अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। डोहकी गांव में कुछ दोस्तों ने साथ बैठकर शराब पी और फिर आपस में विवाद होने पर एक युवक ने अपने दोस्त पर ही गोली दाग दी। गनीमत यह रही कि गोली युवक के कंधे में लगी और वह लहूलुहान हालत में वहीं गिर गया। वहां मौजूद अन्य दोस्तों ने उसे पहले चरखी दादरी सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां से उसे भिवानी रेफर कर दिया। बाद में परिजन उसे प्राइवेट अस्पताल में लग गए। जहां पर वीरवार को ऑप्रेशन कर युवक की गोली निकाली गई। सूचना मिलने पर चरखी दादरी सदर पुलिस अस्पताल पहुंची। डॉक्टरों द्वारा अनफिट दिए जाने के चलते पुलिस बयान नहीं ले पाई।
जानकारी के अनुसार गांव डोहकी निवासी सत्यनारायण उर्फ धोलिया अपने दोस्तों के साथ खेतों में बैठकर शराब पी रहा था। शराब पीने के दौरान सत्यनारायण की एक दोस्त के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि नशे में धुत युवक ने पिस्तौल निकाली और सत्यनारायण पर गोली दाग दी। गोली सत्यनारायण के कंधे में जा लगी। गोली चलाने के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। वहां पर मौजूद अन्य दोस्तों ने उसे दादरी सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया और परिजनों को सूचना दी। दादरी सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सत्यनारायण को भिवानी रेफर कर दिया जहां से परिजन उसे शहर के प्राइवेट अस्पताल में ले गए। यहां वीरवार को ऑपरेशन कर युवक के कंधे से गोली निकाली गई। सूचना मिलने पर दादरी पुलिस भिवानी पहुंची। चिकित्सकों द्वारा युवक को अनफिट दिए जाने के चलते पुलिस बयान दर्ज नहीं कर पाई। पुलिस अब घायल के फिट होने का इंतजार कर रही है। उसके बयान के बाद ही पता चल पाएगा कि मौके पर असल में हुआ क्या था।
बीड़ी लाने की बात कहकर निकला था घर से
डोहकी निवासी ईश्वर ने बताया कि उसका बेटा सत्यनारायण उर्फ धोलिया ने गांव में वेल्डिंग की दुकान कर रखी है। बुधवार शाम करीब सात बजे वह बीड़ी लाने की बात कहकर घर से गया था। उसके बाद रात को उसके भाई के लडक़े पवन का फोन आया कि धोलिया को गोली लगी है। वह भिवानी अस्पताल में भर्ती है। सूचना मिलने पर वह भिवानी सिविल अस्पताल पहुंचे और उसको शहर के प्राइवेट अस्पताल में लेकर आए। उसने बताया कि सत्यनारायण को गोली कैसे लगी, किसने मारी उसे कुछ नहीं पता।
नहीं है किसी से कोई रंजिश
युवक के परिजनों का कहना है कि सत्यनारायण ने गांव में वेल्डिंग की दुकान कर रखी है। उसका गांव में किसी के साथ ना तो कोई झगड़ा है और ना ही कोई रंजिश। गांव में वह सबके साथ मिलकर रहता है। गोली किस रंजिश में मारी गई है उन्हें कुछ समझ नहीं आ रहा है।
वर्जन
गांव डोहकी में एक युवक को गोली लगने की सूचना मिली है। जो भिवानी के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती है। परिजनों ने किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं दी है। घायल सत्यनारायण अनफिट है जिसके चलते बयान दर्ज नहीं हो पाए हैं। युवक के होश में आने के बाद ही मामले का सही तरह पता चल पाएगा।
-जगराम, एसएचओ, सदर थाना दादरी।