रेप पीड़ित नाबालिग से मिलने पहुंची महिला आयोग की टीम
अमर उजाला ब्यूरो
तोशाम।
राज्य महिला आयोग की दो सदस्यीय टीम वीरवार को लोक निर्माण विश्राम गृह में पहुंची। टीम ने तोशाम के निकटवर्ती गांव में नौंवी कक्षा की छात्रा के साथ हुए बलात्कार के मामले में पीड़ित पक्ष से बातचीत की। आयोग की टीम ने पुलिस प्रशासन को आरोपियों की अतिशीघ्र गिरफ्तारी करने के निर्देश दिए। राज्य महिला आयोग की सदस्य सुमन बेदी व इंदु यादव वीरवार दोपहर स्थानीय लोक निर्माण विश्राम गृह में पहुंची। आयोग की टीम ने कस्बे के निकटवर्ती गांव में हाल ही में नौंवी कक्षा की छात्रा के साथ हुए बलात्कार मामले में पीड़ित पक्ष से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित पक्ष से विस्तार से घटना की स्थिति को जाना और आरोपियों की पूरी जानकारी ली। तत्पश्चात महिला आयोग की सदस्यों ने पुलिस प्रशासन को आरोपियों की अतिशीघ्र गिरफ्तारी किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मामले में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए। आयोग की टीम ने संबंधित गांव के सरपंच प्रतिनिधि से भी मामले की विस्तार से चर्चा की। डीएसपी कुलदीप बैनिवाल ने इस दौरान बताया कि छात्रा के साथ हुए जघन्य अपराध मामले में पुलिस प्रशासन सतर्क है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया था। आरोपी अतिशीघ्र गिरफ्त में होंगे। इस मौके पर थाना प्रभारी संदीप शर्मा भी मौजूद थे।