भिवानी। गांव गुजरानी रेलवे फाटक के समीप ड्यूटी से लौट रहे पटवारी पर दो बाइकों पर सवार होकर आए नकाबपोश युवकों ने हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। पटवारी के साथ उसका भतीजा भी था, जिसे भी बीच-बचाव के दौरान चोटें आई हैं। वहीं पुलिस ने घायल पटवारी के बयान दर्ज कर इस संबंध में तहकीकात शुरू कर दी।
भिवानी जिला सामान्य अस्पताल में उपचाराधीन गांव तालू निवासी 35 वर्षीय पवन ने बताया कि वह राजस्व विभाग में पटवारी है। उसकी ड्यूटी गांव चांग मेें लगी है। वह बाइक से सोमवार शाम छह बजे अपने भतीजे सुजीत के साथ अपने गांव तालू लौट रहा था। जब वह गुजरानी रेलवे फाटक के समीप पहुंचा तो दो बाइकों पर सवार होकर सात-आठ युवक आए। जिन्होंने अपने मुंह पर कपड़ा ढका हुआ था और दोनों ही बाइकों की नंबर प्लेट पर भी टेप लगा रखी थी। युवकों ने अपने हाथों में डंडे ले रखे थे। जिससे उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इसी दौरान उसका भतीजा भी घबरा गया, जिसे भी बीच-बचाव के दौरान चोटें आई। पवन पटवारी के भांजे योगेश ने बताया कि उसकी चिड़ियाघर रोड पर कोंचिग सेंटर है। उसके पास उसके मामा पवन का फोन आया तो वह मौके पर पहुंचा और उसे जिला सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचा। योगेश ने बताया कि पवन के दांत भी टूट गए हैं, जबकि चेहरे पर भी काफी चोंटे हैं। फिलहाल सदर पुलिस के जांच अधिकारी ने अस्पताल पहुंचकर घायल पटवारी के बयान दर्ज किए और फिर इस संबंध में आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी। वहीं मारपीट की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई हैं वहीं पटवारी पर हमलावरों का भी अभी तक कोई सुराग नहीं लगा है।