भिवानी। शुक्रवार शाम को भिवानी न्यायालय से पेशी भुगतकर वापस घर लौट रहे खानक निवासी तीन लोगों पर गांव बापोड़ा के समीप करीबन एक दर्जन लोगों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने तीनों को ही लाठी-डंड़ों व लोहे के पाइप से जख्मी कर दिया । घटना की सूचना मिलने के बाद सदर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए इमरजेंसी लायी। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है। घायल गांव खानक निवासी दीपक ने बताया कि शुक्रवार दोपहर को सतपाल व जयप्रकाश के साथ भिवानी न्यायालय में चल रहे एक मुकदमे में पेशी पर आए थे। कोर्ट से पेशी भुगतने के बाद जब शाम करीबन पौने छह बजे दीपक, सतपाल और जयप्रकाश एक ही बाइक पर अपने घर खानक लौट रहे तो भिवानी-तोशाम मुख्य मार्ग पर गांव बापोड़ा के समीप पेट्रोल पंप के पास सड़क के बीचोंबीच झाड़ियां डाल रखी थी। जिसे हटाने के लिए बाइक से नीचे उतरे और हटाने का प्रयास करने लगे तो करीबन दर्जन भर लोगों ने उन पर लाठी, डंडों व लोहे की राड से हमला कर दिया। इस हमले में दीपक को गंभीर चोटें आई, जबकि सतपाल के सिर एवं पैरों पर गंभीर चोटें आई हैं। वहीं जयप्रकाश को इस हमले में मामूली चोटें लगी। तीनों ही घायलों को उपचार के लिए जिला सामान्य अस्पताल लाया गया। दीपक ने बताया कि उनका गांव के ही एक व्यक्ति के साथ नवंबर 2016 से अपहरण कर मारपीट करने के मामले में केस चल रहा है। इसी केस की पेशी भुगतने के लिए तीनों शुक्रवार सुबह गांव खानक से भिवानी न्यायालय में पहुंचे थे। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद सदर पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया और घायलों के बयान दर्ज कर इस संबंध में आगामी कार्रवाई आरंभ कर दी।