भिवानी में हनी ट्रैप में फंसाने वाले गिरोह का पर्दाफाश
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी।
शहर में एक ऐसा गिरोह सक्रिय है जो लड़कियों के माध्यम से पहले किसी बड़े व्यापारी या पैसे वाले के पास फोन कॉल करवाता है। उसके बाद उन्हें अपने जाल में फंसा कर ब्लैकमेल कर लाखों की ठगी करता है। सिविल लाइन पुलिस ने शनिवार को एक ऐसे ही गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने शहर के एक व्यापारी को फंसाकर दस लाख रुपये की रकम मांगने वाले एक जालसाज को एक लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथ दबोचा है। पुलिस ने उक्त आरोपी व एक लड़की के खिलाफ ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज किया है। आरोपी को पुलिस ने अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे दो दिन के रिमांड पर भेज दिया है।
बाग कोठी निवासी जयंत कुमार ने बताया कि उसका महम गेट पर सेनेटरी स्टोर है। दिसंबर में उसके फोन पर किसी ज्योति शर्मा नाम की लड़की का मैसेज आया। उसके बाद उनकी चैट होने लगी। दिसंबर के आखिरी सप्ताह में ज्योति शर्मा नामक लड़की का फोन आया और कहने लगी मुझे दोस्ती करनी है। वह कभी उससे मिली नहीं, लेकिन उनकी बातें होने लगी। भावुकता में बहकर जैसा वो कहती वह वैसा जवाब देने लगा। लड़की अश्लील बातें करने लगी और अश्लील फिल्म मांगी। उसने एक अश्लील फिल्म वाट्सएप पर लड़की के पास भेज दी।
----
हनी ट्रैप का शिकार बता कर मांगे दस लाख रुपये
जयंत कुमार ने बताया कि कुछ समय पहले उसके पास आनंद कौशिक उर्फ मुन्ना निवासी गली नंबर दो, बाग कोठी का फोन आया। उसने खुद को दिल्ली निवासी बताकर कहा कि मैंने एंटी इन्क्रीपशन एनजीओ बना रखा है। उसके पास सूचना आई है कि तुम दिल्ली की एक लड़की से बात करते हो, जिसकी रिकॉर्डिंग उसके पास है। तुम हनी ट्रेप का शिकार हो गए हो। तुम दस लाख रुपये दोगे तो केस रफादफा कर देंगे। रुपये नहीं दिए तो पूरे शहर में बदनाम कर देंगे। मैंने कहा इतनी बड़ी रकम मैं नहीं दे सकता। बाद में उसने कहा कि चलो दस लाख छोड़ों मैं तुम्हारा मामला 3 लाख रुपये में निपटा दूंगा। इसके बाद इस मामले की शिकायत व्यापारी ने सिविल लाइन पुलिस से की।
---
रुपये देने के लिए हुडा पार्क बुलाकर रंगे हाथ पकड़वाया
व्यापारी जयंती ने ब्लैकमेलिंग करने वालों को पकड़वाने के लिए उसे रुपये देने के लिए शुक्रवार को भिवानी के हुड्डा पार्क बुलाया। वहां आए आनंद उर्फ मुन्ना को एक लाख रुपये दिए, जिसमें 2 हजार रुपये के 50 नोट शामिल थे और उनकी फोटो कॉपी करवा ली थी। जैसे ही आरोपी व्यक्ति यह रकम लेने के लिए वहां आया तो दूर खड़े पुलिस कर्मियों ने उसकी रुपये लेते हुए की वीडियो रिकॉर्ड कर ली। इसके बाद सिविल लाइन थाना एसएचओ अजीत सिंह ने टीम सहित उसे मौके पर दबोच लिया।
---
पकड़ा गया आरोपी आनंद उर्फ मुन्ना लड़कियों के साथ मिलकर व्यापारियों को अपने जाल में फंसा कर ठगी करता था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज किया है। आरोपी को अदालतत में पेश किया। अदालत ने उसे दो दिन के रिमांड पर भेज दिया है। रिमांड के बाद इस गिरोह से जुड़ी लड़की या फिर अन्य व्यक्तियों के पकड़ में आने की उम्मीद है। अभी यह साफ नहीं हो पाया है आरोपी खुद लड़की बनकर चैटिंग करता था या फिर लड़की भी उसके साथ है।
अजीत सिंह, एसएचओ सिविल लाइन थाना