विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला, पति, सास, ससुर पर केस
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। शहर के लाजपत नगर कॉलोनी निवासी एक विवाहिता को ससुराल वालों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़ित महिला ने मामले की शिकायत सदर पुलिस को दी। पुलिस ने विवाहिता की शिकायत पर पति सहित सास ससुर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज किया है। विवाहिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी 2 मई 2014 को बलियाली निवासी एक व्यक्ति के साथ हुई थी। शादी के बाद ससुराल वाले कम दहेज लाने पर उसे तंग करने लगे। विवाहिता ने बताया कि 2015 में उसने एक बेटी को जन्म दिया। इसके बाद ससुराल वालों की प्रताड़ना उस पर बढ़ गई। इसी दौरान पंचायती तौर पर समझौता भी कराया गया। मगर ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट करना बंद नहीं किया। उसने बताया कि गत 12 जून 2017 को भी उसके साथ गर्भवती रहते हुए मारपीट की गई। इसी वजह उसे उसका बच्चा गर्भ में ही मर गया। उसने 14 अक्टूबर 2017 को महिला पुलिस थाने में शिकायत दी। मगर इस दौरान उसके ससुराल वालों ने अपनी गलती मान उसे ठीक ठाक रखने का भरोसा दिलाते हुए शिकायत वापस उठवा ली। मगर इसके बाद उसे घर से निकाल दिया और उसके गहने भी छीन लिए। इस मामले की शिकायत महिला ने सदर पुलिस को दी। सदर पुलिस ने महिला के पति, सास व ससुर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी।