स्वीट्स कॉर्नर पर पहले चोरी की और फिर लगाई आग, लाखों का नुकसान
अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। बस स्टैंड के सामने स्थित स्वीट्स कॉर्नर को चोरों ने अपना निशाना बनाया। चोरों ने पहले चोरी की और फिर उसमें आग लगा दी। पूरी वारदात पड़ोसी की एक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। दुकान से चोरी किया गया गल्ला कुछ दूरी पर एक खाली प्लॉट में मिला। पुलिस ने शिकायत पर मौके का मुआयना किया और चोरी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरों ने सामान्य अस्पताल के नजदीक एक मंदिर को भी निशाना बनाया और चार ताले तोड़ दानपात्र से नकदी चोरी कर ले गए।
चोरी की वारदात रात करीब डेढ़ बजे की है। चोरों ने बस स्टैंड के ठीक सामने स्थित शुभम स्वीट्स कॉर्नर को निशाना बनाया। चोरों ने पहले दुकान के ताले तोड़े। दुकान के अंदर रखे तीन गल्लों से करीब 35 हजार की नकदी चोरी की और फिर दुकान से सामान चोरी कर आग लगा दी। दुकान संचालक शुभम ने बताया कि उसके पिता इंद्र कुमार और भाई दुकान संभालते हैं। 14 साल से उनकी दुकान है। रात को चोरों ने 35 हजार की नकदी के अलावा करीब 30 हजार की सिगरेट, करीब 15 हजार की नमकीन और अन्य सामान चोरी किया। चोरी किया एक गल्ला साथ लगती गली में स्थित खाली प्लॉट में मिला। चोरों ने दुकान में आग भी लगा दी ताकि चोरी की वारदात का पता न लगे। आग से दुकान में रखा अधिकतर सामान जल गया। सुबह दुकान पर आए तो चोरी और आगजनी का पता लगा। करीब तीन लाख का नुकसान हो गया है। इसकी सूचना पुलिस को दी है। पुलिस कर्मचारियों ने दुकान का मुआयना भी किया था।
---
सीसीटीवी में नजर आए चार बदमाश
साथ लगती मोबाइल शॉप के बाहर लगे सीसीटीवी में साफ हुआ कि नकाबपोश चार बदमाशों ने चोरी और आगजनी की वारदात को अंजाम दिया। पहले हथौड़े से ताले तोड़े और फिर एक प्लास्टिक कट्टे में डालकर सामान चोरी किया। चोरों युवक नकाब पहने हुए हैं। सीसीटीवी में उनके चेहरे साफ नहीं है।
---
मंदिर में चार ताले तोड़ दानपात्र से नकदी से चोरी
चोरों ने राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के सामने कृष्णा कॉलोनी की ओर जाने वाले मार्ग के कोने पर बने पंचमुखी हनुमान मंदिर को निशाना बनाया। चोरों ने यहां चार ताले तोड़ दान पात्रों से नकदी चोरी की। पुजारी श्याम ने बताया कि मंदिर के बाहर लोहे का, अंदर स्टील का गेट है। दोनों पर ताले लगे थे। अंदर दो दान पात्र थे। चोरों ने दोनों गेट के अलावा दोनों दान पात्र के ताले तोड़ नकदी चोरी की। दान पात्रों को करीब तीन माह पहले खोलकर नकदी निकाली गई थी। अंदाज अब दान पात्रों में सात-आठ हजार नकदी थी। इसकी सूचना दिनोद गेट चौकी पुलिस को दी है।
---
बस स्टैंड के सामने स्वीट्स कॉर्नर में चोरी के बाद आग लगाई गई है। सीसीटीवी फुटेज मिली है, लेकिन उसमें चेहरे साफ नहीं है। आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
- एसआई सुरेश कुमार, इंचार्ज जैन चौक चौकी