एटीएम कार्ड नंबर पूछकर मेडिकल स्टोर संचालक के खाते से उड़ाए एक लाख रुपये
भिवानी। अज्ञात व्यक्ति को फोन पर अपना आधार नंबर और एटीएम कार्ड बताना गांव मानहेरू के एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया।
गांव मानेहरू निवासी एक मेडिकल स्टोर संचालक को जालसाज ने फोन पर आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक करने की बात कहकर एक लाख रुपये का चूना लगा दिया। ठगी का शिकार हुए मेडिकल स्टोर संचालक ने सदर पुलिस थाने में मामला दर्ज कर करवाया है।
गांव मानेहरू निवासी रमेश चौहान ने बताया कि उसने गांव में ही मेडिकल स्टोर की दुकान की हुई है। 22 फरवरी को उसके पास एक व्यक्ति का फोन आया। उसने ने अपने आपको एसबीआई कर्मचारी बताया और बैंक खाते से आधार कार्ड लिंक करने के लिए आधार नंबर पूछा। कुछ समय बाद फिर फोन आया तो एटीएम की 16 अंकों की डिजिट पूछी। इसके बाद फोन काट दिया। इसके बाद ही खाते से दो बार 25-25 हजार, 20 हजार व 30 हजार रुपये उड़ा दिए। उसने इस मामले की शिकातय पहले सिटी थाने में की। वहां से उसे सदर थाने में भेज दिया। लगातार चार दिन तक थानों के चक्कर काटने के बाद अब मामला दर्ज हो पाया है। मामले की जांच कर रहे एएसआई वीरेंद्र ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश की जा रही है।