अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। फर्जी कंपनी खोलकर किसानों से लाखों रुपयों की ठगी मामले में एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पीड़ित किसानों ने मामले की शिकायत वर्ष 2016 में शिकायत एसपी को दी थी, जिसके बाद सिटी पुलिस ने केस दर्ज किया था। पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि फर्जी कंपनी ग्लोबल प्लानटेशन टैक्नालोजी के नाम से बनाई हुई है। इस कंपनी का जिला भिवानी का हेड सुरेंद्र है। लोहारू रोड पर कंपनी ने अपना कार्यालय भी खोला था, जिसमें 4 अक्टूबर 2016 को किसानों की बैठक बुलाई थी। जिसमें किसानों को झांसा दिया था कि एक एकड़ भूमि पर एक हजार पौधे लगवाने होंगे, जो कंपनी देगी और इसकी ऐवज में उन्हें 40 हजार रुपये कंपनी को देने होंगे, इन पौधों की खरीद कंपनी करेगी और इन पौधों के रखरखाव का जिम्मा भी कंपनी का होगा। पांच साल बाद कंपनी किसानों को14 लाख रुपये देगी। इस लालच में आकर किसानों ने कंपनी को लाखों रुपयों का भुगतान कर डाला।
किसानों के साथ लाखों की ठगी मामले में कैथल निवासी सचिन शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के जांच अधिकारी वेद सिंह ने बताया कि सचिन शर्मा सहित अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया हुआ था। जिसे अब गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
इन किसानों को बनाया था ठगी का शिकार
गांव कोंट वासी कर्मबीीर को कंपनी ने अपना शिकार बनाया और उससे 15 दिसम्बर 2016 को 80 हजार जमा कराए। जबकि उसी गांव के किसान रणदीप ने एक लाख रुपये जमा कराए। गांव कोंट के सतबीर ने भी दो लाख 40 हजार रुपये जमा करा दिए। गांव कोंट निवासी मान सिंह ने भी 2 लाख 40 हजार जमा कराए। इन किसानों को बताया गया कि उनकी नर्सरी धामपुरा बिजनौर यूपी में है, जहां से 20 दिसम्बर 2016 को पौधे पहुंच जाने का आश्वासन दिया, लेकिन कोई पौधे नहीं आए। इसके बाद पीड़ित किसानों ने कंपनी के लोहारू रोड कार्यालय में पहुुंचकर पड़ताल की तो यहां पर भी कोई नहीं मिला और रुपया लेकर रफूचक्कर हो गए। आरोपियों की गाड़ी के नम्बर भी फर्जी निकले।
---------------------