अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। इंप्रूवमेंट ट्रस्ट मार्केट के पास कार और स्कार्पियो में टक्कर होने के बाद दोनों चालक और उनके समर्थक बीच सड़क पर हंगामा करने लगे। जिससे हांसी गेट तक लंबा जाम लग गया। जाम करीब एक घंटे तक रहा। जाम में एक एंबुलेंस भी फंसी रही। जिसे करीब 20 मिनट फुटपाथ के रास्ते से निकाला गया। हंगामा होने पर काफी संख्या में पहुंचे लोगों ने दोनों वाहन चालकों में बीच-बचाव करते हुए दोनों को सिविल लाइन थाने जाने की सलाह दी। जिसके बाद जाम खुला।
मामला दोपहर करीब साढ़े 12 बजे का है। हांसी गेट चौक से इंप्रूवमेंट ट्रस्ट मार्केट की ओर जा रही अल्टो कार और स्कार्पियो की आपस में साइड लग गई। दोनों वाहन हल्के क्षतिग्रस्त हो गए। जिसपर दोनों चालकों के बीच विवाद हो गया। जिसमें अल्टो कार चालक अपने नुकसान की भरपाई की बात कह रहा था तो स्कार्पियो चालक भी नुकसान दिखा रहा था। इसी को लेकर काफी समय तक बहस चली। मुख्य मार्ग पर हंगामा होने और लोगों की भीड़ लगने के कारण हांसी गेट से पुराना बस स्टैंड की ओर जाने वाला मार्ग एक साइड से पूरी तरह बंद हो गया। जाम में सैकड़ों वाहन फंसे थे। वाहन चालक दोनों गाड़ी चालकों को हटने के लिए बोल रहे थे मगर वे अपने विवाद में उलझे थे। एंबुलेंस तक को जाने के लिए रास्ता नहीं था। बाद में आमजन ने ही मुख्य सड़ िसे लोगों को हटाया और दोनों झगड़ने वाले कार चालकों को सिविल लाइन थाने में जाने की सलाह दी। फिर लोग सड़क से हटे तो जाम खुला और राहगीर अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। करीब 45 मिनट तक जाम लगा रहा मगर ट्रैफिक पुलिस से कोई भी कर्मचारी नहीं पहुंचा।
मंडे को रहती है जाम की ज्यादा समस्या
सिर्फ यहीं नहीं सोमवार को शहर के अधिकतर मार्गों पर जाम के हालात रहे। मंडे को अक्सर ही वाहनों की ज्यादा संख्या होने के कारण शहर के सभी मुख्य मार्गों पर जाम के हालात रहते है। सोमवार को भी अनाजमंडी ओवरब्रिज, घंटाघर चौक, हांसी गेट चौक, रोहतक गेट चौक, दादरी गेट चौक, नया बाजार में जाम की स्थिति रही और वाहन रेंग-रेंग कर चले। जाम की समस्या से निजात के लिए नगर परिषद और पुलिस प्रशासन ने पिछले चार दिन से मिलकर अभियान चला रखा है। जिसके तहत नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को इंपाउंड किया जाता है। ये अभियान भी शहर को जाम से निजात दिलाने में नाकाफी साबित रहा। सोमवार को ट्रैफिक पुलिस नो पार्किंग जोन से खड़े वाहनों को जेसीबी से इंपाउंड करती रही। टीम ने रोहतक गेट, हांसी गेट के आसपास से वाहनों को इंपाउंड कर चालान और जुर्माना किया।
शहर को जाम मुक्त करने के लिए नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को इंपाउंड किया जा रहा है। सोमवार और मंगलवार को शहर के मुख्य मार्गों पर ज्यादा समस्या रहती है। जल्द ही बेहतर व्यवस्था बनाई जाएगी।
इंस्पेक्टर प्रेम सिंह, एसएचओ, ट्रैफिक थाना