सातवीं कक्षा के छात्र से कुकर्म का आरोपी दसवीं का विद्यार्थी गिरफ्तार, बाल सुधार गृह भेजा
भिवानी। जिले के एक स्कूल में सातवीं कक्षा के छात्र के साथ सामूहिक रूप से कुकर्म किए जाने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी नाबालिग दसवीं कक्षा का छात्र है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे बाल सुधार गृह भेजा गया है। पुलिस को दी शिकायत में एक बच्चे के परिजन ने आरोप लगाया था कि उसका बेटा एक स्कूल में सातवीं कक्षा का छात्र है। उसी स्कूल कैंपस में दसवीं कक्षा के कुछ लड़कों ने उसके साथ गलत कार्य किया और किसी को कुछ बताने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर आरोपी लड़कों के खिलाफ जुवेनाइल व पोस्को एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया। पुलिस ने अब इसी मामले में दसवीं कक्षा में पढ़ने वाले 16 वर्षीय किशोर को गिरफ्तार किया है। जिसे न्यायालय में पेश किए जाने के बाद बाल सुधार गृह में भेजा गया है।