अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी/लोहारू। पहाड़ी गांव में राजस्थान पुलिस पर हमला करने और हत्या आरोपी को भगाने के मामले में तारानगर के तीन पुलिस कर्मी घायल हुए हैं। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। दूसरे पक्ष से भी दो महिलाएं और एक व्यक्ति भर्ती हुए हैं। राजस्थान पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाया है। लोहारू थाना पुलिस ने फिलहाल तारानगर थाना एसएचओ की शिकायत पर हत्या आरोपी अक्षय पहाड़ी के अलावा सतबीर पहाड़ी व 20-25 अन्य के खिलाफ हत्या प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
राजस्थान के तारानगर थाना की पांच सदस्यीय टीम एसएचओ पुष्पेंद्र के नेतृत्व में एक शराब तस्कर को पकडने के लिए लोहारू के पहाड़ी गांव में आई थी। यहां एक शीशे बंद गाड़ी में टीम को हत्या मामले में नामजद अक्षय पहाड़ी नजर आया। अक्षय पर करीब एक वर्ष पूर्व राजगढ़ कोर्ट में हत्या करने का आरोप है। राजस्थान पुलिस ने उसे पकड़े के लिए लाठी से गाड़ी पर वार किए तो वहां लोगों ने पुलिस पर हमला कर दिया। पुलिस पर पथराव किया और पुलिस गाड़ियों के शीशे तोड़ डाले।
हमले में राजस्थान के तारानगर थाने के रमेश कुमार, प्रताप, राजेश को चोट आई है। रमेश और प्रताप को भिवानी अस्पताल में रेफर किया गया। मगर भिवानी की बजाए अन्य अस्पताल ले जाया गया। वहीं दूसरे पक्ष से महिला केला देवी, इंद्रावती, व्यक्ति हनुमान को चोट आई है। लोहारू पुलिस ने मामले में राजस्थान के चुरू जिले के तारानगर कस्बे के थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह की शिकायत पर मुख्य आरोपी व हत्या मामले में भी नामजद अक्षय कुमार, सतबीर पहाड़ी व 20-25 अन्य पर केस दर्ज किया है। थाना प्रभारी पुष्पेंद्र ने बताया कि राजस्थान में शराब की तस्करी के मामले में पुलिस ने एक युवक प्रदीप को शराब से भरी पिकअप के साथ तारानगर में गिरफ्तार किया था। उसने पूछताछ के दौरान लोहारू के गांव पहाड़ी निवासी एक युवक का नाम लिया था जो कि राजगढ़ के हत्या के एक मामले में भी वांछित है तथा उस पर इनाम भी घोषित किया गया है। आरोपी की तलाश में तारानगर थाने की पांच सदस्यीय पुलिस टीम पहाड़ी गांव में आई थी। आरोपी को पकड़ने लगे तो आरोपी के परिजनों व गांव के अन्य लोगों ने पुलिस टीम पर कर दिया। गाड़ी तोड़ डाली।
डीएसपी कुलभूषण ने बताया कि राजस्थान पुलिस टीम किसी मामले में जांच के लिए लोहारू के गांव पहाड़ी आई थी। इस दौरान उन पर आरोपी पक्ष के लोगों ने हमला किया। कुछ पुलिस कर्मियों को चोट आई है। शिकायत पर हत्या प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।