अमर उजाला ब्यूरो
भिवानी। जिले के गांव धनाना में किसान के मकान में बुधवार दोपहर को आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि किसान का सारा सामान जल गया। मकान की हालत यह हो गई कि वह अब कभी भी गिर सकता है। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार गांव धनाना निवासी बलवान ने बताया कि वह खेतीबाड़ी करता है। उसने बताया कि वह बुधवार को खेत में पानी देने के लिए गया था। दोपहर करीब सवा एक बजे उसके भाई का फोन आया कि घर पर आग लगी हुई है। आग की सूचना मिलने पर तुरंत ट्रैक्टर लेकर घर पहुंचा तो गांव के लोग जमा थे और आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की भी गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। करीब दो घंटे की कड़ी मश्क्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। लेकिन जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक सबकुछ जलकर राख हो चुका था।
बलवान ने बताया कि घटना के समय उसकी पत्नी जोहड़ पर पशुओं को पानी पिलाने के लिए गई हुई थी। आग से उसके घर में रखे 55 हजार रुपये, कूलर, फ्रीज, अलमारी, बैड व घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। उसने बताया कि आग से मकान की छत और दीवार ऐसी हो गई कि मकान कभी भी गिर सकता है। अब तो उसे अपने भाई के घर पर रात गुजारनी पड़ रही है। आग लगने से उसका अनाज भी जल गया। उसके खाने के भी लाले पड़ गए हैं।