सर्वश्रेष्ठ पशुधन का खिताब जीतने के बाद नंदी के साथ भिवानी गोशाला के सचिव हिम्मत सिंह तंवर व अ
बवानीखेड़ा। श्रीसनातन गोसेवा धाम समिति गोशाला के गाय व नंदी ने पशुपालन एवं डेयरी विभाग की ओर से महेंद्रगढ़ में आयोजित 40वीं राज्य पशुधन प्रदर्शनी मेले में 31,000 व 21,000 रुपये का इनाम जीतकर सर्वश्रेष्ठ पशुधन का खिताब अपने नाम किया। यह जानकारी गोशाला के सचिव हिम्मत सिंह तंवर ने दी।
उन्होंने बताया कि 24 से 26 फरवरी तक आयोजित पशुधन प्रदर्शनी मेले में कस्बे के पशु अस्पताल में कार्यरत पशु चिकित्सक विनोद सिवाच व गोशाला में अपनी सेवाएं दे रहे पशु चिकित्सक अनिल गोशाला की गाय और नंदी को प्रदर्शनी में लेकर पहुंचे थे। जहां हरियाणा नस्ल के देसी गाय व नदी के जोड़े ने सर्वश्रेष्ठ पशुधन की श्रेणी में दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
नंदी ने गोशाला एनिमल हरियाणा बुल कैटेगरी में दूसरा स्थान पाकर 31,000 रुपये का इनाम जीता है। वहीं गाय ने हरियाणा नस्ल गाय दुधारू पशु कैटेगरी में 13 किलो दूध देकर तीसरा स्थान हासिल कर 21,000 रुपये का इनाम अपने नाम किया है। प्रदर्शनी में जीते इनाम का प्रमाण पत्र डाॅ. एलसी रंगा महानिदेशक व डॉ. सुखदेव राठी उप निदेशक पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा श्रीसनातन गो सेवा धाम समिति को प्रदान किया गया। वहीं दूसरी तरफ इनामी पशु जोड़ी और डॉक्टरों को गोशाला पहुंचने पर पशुप्रेमियों द्वारा सम्मानित किया गया। इस दौरान गौशाला प्रधान रामनरेश, सचिव हिम्मत सिंह, विकास महता, सह सचिव जयबीर, धर्मेंद्र शर्मा, मनोज डूमडा मौजूद रहे।