भिवानी। जो लोग कोरोना संक्रमित होने से पहले शुगर, बीपी, हृदयाघात, मनोरोग जैसी बीमारियों से ग्रस्त थे वे लॉन्ग कोविड की चपेट में आ रहे हैं। भले ही मरीज कोरोना संक्रमण से उभर गए हैं मगर बीमार का मर्ज अब तक नहीं गया है। कोरोना की रिकवरी के बाद अधिकतर मरीजों को खांसी, जुकाम, सांस लेने में तकलीफ, बदन दर्द और थकावट जैसी समस्याएं आ रही हैं। इन मरीजों को स्वास्थ्य विभाग ने पोस्ट कोविड या लॉन्ग कोविड की श्रेणी में रखा है।
जिला नागरिक अस्पताल में इनके उपचार के लिए अलग से उमंग ओपीडी बनाई है। इसमें दवा के साथ ही मरीजों की कांउसिलिंग की जाती है। जिला नागरिक अस्पताल में इन समस्याओं से संबंधित 15 से 20 मरीज रोजाना आ रहे हैं। लॉन्ग कोविड की चपेट में आने वाले अधिक 35 से 40 साल के आयु वर्ग के लोग हैं। इसके अलावा वे लोग जो पहले से ही बीमारियों से ग्रस्त थे वे भी इसके कारण उपचार करवाने जिला नागरिक अस्पताल पहुंच रहे हैं। मरीजों को चिकित्सक दवा के साथ ही सावधानियां रखने का परामर्श दे रहे हैं।
-------
काउंसिलिंग के लिए बनाई उमंग ओपीडी
कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर जब पिक पर थी तभी पोस्ट कोविड मरीजों के लिए उमंग ओपीडी बनाई थी। इसमें मरीजों हिदायतें दी जाती है। उन दिनों रोजाना फोन पर 50 से 60 मरीजों की काउंसिलिग की जाती थी। खास बात यह है कि इसमें मरीज के पूरे परिवार की काउंसिलिंग की जाती है। इन दिनों रोजाना 15 से 20 पोस्ट कोविड मरीज काउंसिलिंग के लिए आ रहे हैं। ऐसे मरीजों का उमंग ओपीडी कार्ड बनाया जा रहा है। इसमें मरीज को सभी तरह की हिदायतें लिखित रूप में दी जाती है। पोस्ट कोविड मरीज उमंग ओपीडी में इलाज ले रहे हैं।
------
क्या होता है लॉन्ग कोविड
कोरोना से रिकवर रिकवर होने के बाद कुछ लोगों को स्वास्थ्य संबंधित परेशानियां होने लगती हैं। यह दो से तीन सप्ताह से लेकर कई महीनों तक बनी रहती है। कोरोना होने के बाद शरीर में होने वाली परेशानियां को ही पोस्ट कोविड सिंड्रोम कहा जाता है। इसे लॉन्ग कोविड भी कहते हैं। यह उन लोगों में ज्यादा देखी जाती है, जिनको पहले से ही कोई गंभीर बीमारी होती है और जो मरीज लंबे समय तक अस्पताल में भर्ती रहते हैं।
-----
पोस्ट-कोविड-19 के सबसे आम लक्षण
- नींद न आना।
- बदन दर्द।
- लगातार खांसी।
- थकान महसूस होना।
- कमजोरी आना।
- मांसपेशियों में जकड़ होना।
-------
ये रखें सावधानी:
- गुनगुने पानी का सेवन करें।
- तरल पदार्थों का सेवन करें।
- नारियल पानी ज्यादा पिएं।
- फल व पौष्टिक आहार लें।
- नियमित तौर पर व्यायाम करें।
- रिलेक्स होने के लिए एक्साइज करें।
- गहरी सांस लें।
- समय पर चिकित्सक से परामर्श लें।
-----
कोरोना संक्रमण से रिकवर होने के बाद कई मरीजों को खांसी, बदन दर्द, थकान, अनिद्रा जैसी समस्याएं हो रही है। इसकी वजह से उनके स्वास्थ्य में काफी दिक्कतें आ रही है। कोविड से रिकवर हुए मरीजों को लॉन्ग कोविड के मरीज कहा जाता है। अगर किसी को लॉन्ग कोविड की दिक्कत है तो चिकित्सक से परामर्श अवश्य लें और पौष्टिक आहार का सेवन करें। कोई भी तनाव न रखें और क्षमता के अनुसार हल्के व्यायाम जरूर करें।
- डॉ. यतिन गुप्ता, सीनियर फिजिशियन, जिला नागरिक अस्पताल।