बैठक मेंं दिशा-निर्देश देते सिविल सर्जन डॉ. रघुबीर शांडिल्य।
भिवानी। जिला में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया रोगों की रोकथाम को लेकर डीसी नरेश नरवाल के मार्गदर्शन में सिविल सर्जन डॉ. रघुबीर शांडिल्य की अध्यक्षता में शहरी स्थानीय विभाग के जन प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. शांडिल्य ने सभी नगर पार्षदों से अनुरोध किया कि वे मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रबंधों में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करें। अपने क्षेत्र में लोगों को संडे ड्राई डे और मच्छर जनित रोगों के बारे में जागरूक करें।
उन्होंने कहा कि जब भी स्वास्थ्य विभाग की टीम आपके क्षेत्र में आए तो उनका सहयोग करें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के सुपरवाइजरों को दिशा निर्देश दिए कि जब भी आप किसी भी वार्ड में जाएं तो संबंधित क्षेत्र के पार्षद से अवश्य मिलकर आए। उस क्षेत्र में पाए गए डेंगू पॉजिटिव केस की जानकारी व जिस घर के अंदर लारवा पाया जाता है। उस घर के मालिक का नाम बताएं ताकि जिले में डेंगू, मलेरिया पर रोकथाम की जा सके।
सिविल सर्जन ने बताया कि जिले में प्राइवेट लैब संचालकों और प्राइवेट अस्पतालों को निर्देश दिए हैं कि डेंगू, मलेरिया चिकनगुनिया के मरीजों की जानकारी तुरंत प्रभाव से सिविल सर्जन कार्यालय में दें। किसी भी मरीज से हरियाणा सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन से ज्यादा पैसा वसूल न करें। उन्होंने आम जनता से अनुरोध किया कि सिविल अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में डेंगू प्रबंधन हेतु एसडीपी आरडीपी और समस्त प्रकार की दवाइयां उपलब्ध हैं।
सिविल सर्जन ने बताया कि भिवानी शहर में स्वास्थ्य विभाग की 16 टीम और तीन स्वास्थ्य निरीक्षक के निर्देशन में घर घर जाकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अपने अपने क्षेत्र में नगर परिषद डेंगू बुखार के पॉजिटिव मरीज के घर के आसपास 50 घरों में इंडोर फाेगिंग घरों के अंदर और बाहरी क्षेत्र में समस्त कॉलोनी और वार्ड में ओपन फाेगिंग शाम सात बजे के बाद में ही करें। उन्होंने कहा कि सिविल अस्पताल में डेंगू, चिकनगुनिया के टेस्ट फ्री में किए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि वार्ड नंबर 9 को डेंगू मरीजों के लिए आइसोलेशन वार्ड बनाया गया। इसमें 28 बेड मच्छरदानी युक्त स्थापित किए गए हैं और भिवानी के प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर दो-दो बेड डेंगू मरीजों के लिए तथा पांच पांच बेड उपमंडल या अस्पताल में रखे गए हैं। बैठक में नगर परिषद चेयरमैन प्रतिनिधि भवानी प्रताप सिंह, पार्षद मनोज कुमार, कृष्ण कुमार, संदीप यादव, विनोद कुमार स्वास्थ्य निरीक्षक जगदीश प्रसाद कुलदीप सुनील सज्जन कुमार और एपिडेमियोलॉजिस्ट ज्योति कुमारी मौजूद रहे। संवाद