भिवानी। गांव सैय में भगवान वाल्मीकि की मूर्ति स्थापना को लेकर विवाद हो गया। गांव के ही कुछ लोगों ने मूर्ति लगाने का विरोध किया। वहीं इस मामले में आरोपियों ने गाली गलौज की। सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में मूर्ति को खंडित करने का भी आरोप लगाया। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ एससीएसटी एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
गांव सैय निवासी विक्रम ने सदर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गत 31 अगस्त को गांव में वाल्मीकि समाज की तरफ से पंचायती जगह पर भगवान वाल्मीकि की मूर्ति स्थापित की गई थी। वाल्मीकि समाज के कुछ लोग रविवार को जगह की साफ सफाई कर रहे थे कि इसी दौरान गांव के ही कुछ लोगों ने वहां पहुंचकर उनके साथ गाली गलौज किया। आरोपियों ने मूर्ति को भी खंडित कर दिया और जातिसूचक शब्द कहे। वहीं घटना की वीडियो बनाकर मामले की शिकायत डायल 112 पर दी गई। जिसके बाद सदर पुलिस ने इस संबंध में दो नामजद आरोपियों के खिलाफ एससीएसटी एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी।