भिवानी। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और पीडब्ल्यूडी के बीच एक बार फिर ठन गई है। लाइन शिफ्ट नहीं होने की वजह से पुल निर्माण का काम रुक गया है। दिनोद रोड पर शहर का सबसे छोटा 600 मीटर लंबा रेलवे ओवरब्रिज बन रहा है। इसके लिए जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को जीतुवाला छोर पर सीवर और पानी की लाइनों को शिफ्ट किया जाना है।
जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का दावा है कि लाइन शिफ्ट कर दी गई हैं कुछ हिस्से में काम होना है, जिससे पुल निर्माण में कोई बाधा नहीं है। वहीं पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का तर्क है कि जब तक लाइन शिफ्ट नहीं होती तब तक रेलवे ओवरब्रिज के दोनों छोर का काम शुरू नहीं हो पाएगा। हालांकि पुल का ऊपरी ढांचा सहित 80 फीसदी काम भी हो चुका है।
दिनोद रोड के रेलवे ओवरब्रिज पर चल रहे कार्य की वजह से जीतुवाला फाटक पार की करीब 50 हजार की आबादी समस्या झेल रही है। दिनोद की तरफ जाने वाले इस मार्ग पर आठ गांव भी हैं। दिनोद रोड का ये पुल मार्च तक चालू हो जाना था, मगर लाइनों की शिफ्टिंग के फेर में उलझने के बाद इसे अब जून तक की मोहलत और दी गई है।
दिनोद रोड के पुल का काम पूरा करना इसलिए भी जरूरी हो गया है, क्योंकि लोहारू रोड के पुराने ओवरब्रिज को तोड़कर उसकी जगह नए पुल निर्माण का काम भी शुरू हो गया है। जब कि दिनोद रोड का पुल नहीं बनेगा तब तक लोहारू रोड का पुराना जर्जरहाल पुल भी नहीं तोड़ा जाएगा। क्योंकि फाटक पार लोहारू रोड की आबादी के लिए रास्ता नहीं बचेगा और ट्रैफिक को लेकर भी बड़ी समस्या बनेगी। संवाद
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की सीवर और पानी की लाइनें कुछ हिस्से में शिफ्ट हो चुकी हैं जबकि कुछ हिस्से में काम होना अभी बाकी है। जिस हिस्से में लाइनों को शिफ्ट किया जाना है, उसकी वजह से पुल का कोई काम बाधित नहीं होगा। दिनोद रोड पर सीवर के गंदे पानी की निकासी की वैकल्पिक व्यवस्था भी कराई गई है। जल्द ही टेंडर कराकर काम शुरू कराएंगे।
-सुनील कुमार रंगा, कार्यकारी अभियंता, शहरी सीवरेज शाखा।
दिनोद रोड पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण का काम 80 फीसदी तक हो चुका है। जबकि पुल के दोनों छोर निर्माण का काम सीवर और पानी की लाइनों को शिफ्ट नहीं किए जाने की वजह से रुका हुआ है। मार्च तक ये पुल ट्रैफिक के लिए चालू किया जाना था, इसमें लाइन शिफ्टिंग की वजह से देरी हो रही है। पुल का काम जून तक पूरा किए जाने के लिए एजेंसी को मोहलत दी गई है।
-सोनू हुड्डा, कनिष्ठ अभियंता, पीडब्ल्यूडी भिवानी।