भिवानी। जिले में शुक्रवार को गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। शहर के हर चौक चौराहे को तिरंगा पट्टियों से सजाया गया है। पर्व के मद्देनजर पुलिस विभाग ने जिले में चौकसी बढ़ा दी है। जिलेभर में 30 नाके लगाए हैं।
जिलास्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह भीम स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में सांसद धर्मबीर सिंह मुख्य अतिथि होंगे और ध्वजारोहण करेंगे। उप पुलिस लोहारू अशोक कुमार एचपीएस परेड की कमांड संभालेंगे। इस दौरान जिला पुलिस की पुरुष व महिला की दो प्लाटून, हरियाणा गृह रक्षी की एक प्लाटून परेड समारोह में भाग लेगी। वहीं 26 से अधिक स्कूलों के विद्यार्थी विभिन्न रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे। देशभक्ति से जुड़े गीतों और योगा के करतब से जुड़े कार्यक्रम भी होंगे। इस दौरान बेहतरीन कार्य करने वाले लोगों को भी जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया जाएगा।
नगराधीश हरबीर सिंह ने बताया कि सांसद धर्मबीर सिंह सुबह दस बजे ध्वजारोहण करेंगे। समारोह के दौरान देश की आजादी में अपना अमूल्य योगदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों या उनके परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गणतंत्र दिवस समारोह में बवानीखेड़ा से विधायक बिशंबर वाल्मीकी, लोहारू में दादरी से विधायक सोमबीर सांगवान, सिवानी में भिवानी से विधायक घनश्याम सर्राफ तथा बवानीखेड़ा में जिला परिषद चेयरपर्सन अनीता मलिक मुख्य अतिथि होंगी।
जांच के बाद मिलेगा प्रवेश
भीम स्टेडियम में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम स्थल पर भी सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। मुख्य प्रवेश द्वार पर सुरक्षा बल तैनात रहेंगे। तलाशी के बाद ही प्रवेश मिलेगा। भीम स्टेडियम के अंदर और आसपास 13 पुलिस नाके लगाए गए हैं।