भिवानी। नगर परिषद में चेक घोटाले के आरोपियों की सोमवार को जमानत याचिका पर सुनवाई हुई। सुनवाई के बाद न्यायालय ने नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन रणसिंह यादव सहित सात आरोपियों की जमानत याचिका मंजूर कर दी। गौरतलब होगा कि नप के पूर्व चेयरमैन रणसिंह यादव को मार्च के अंतिम सप्ताह में पुलिस ने चेक घोटाले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। करीब चार माह से जेल में बंद रणसिंह यादव अब बाहर आएंगे।
अतिरिक्त सेशन जज रजनी यादव की कोर्ट ने सोमवार को नगर परिषद के चेक घोटाले में आरोपी नप के पूर्व चेयरमैन रणसिंह यादव सहित पूर्व ईओ संजय यादव, अकाउंटेंट सुरेश कुमार, ललित बत्रा, गुलशन, अरुण कुमार व नितिन गोयल की जमानत याचिका को मंजूर कर दिया। पुलिस ने मार्च 2022 में नगर परिषद में करोड़ों रुपयों के चेक घोटाले को लेकर एफआईआर दर्ज की थी। जिसमें उपरोक्त सभी को आरोपी बनाया गया था। इस मामले में पूर्व पार्षद सुदर्शन जिंदल ने पुलिस को शिकायत दी थी। जिस पर केस दर्ज हुआ था।
वहीं भिवानी बचाओ आंदोलन के संयोजक सुशील वर्मा की शिकायत पर भी नप पूर्व चेयरमैन रणसिंह यादव सहित अन्य पर एफआईआर दर्ज हैं। जिनमें उनकी गिरफ्तारी भी हो चुकी है। सुशील वर्मा का कहना है कि विजिलेंस ने इस मामले में न्यायालय के अंदर मजबूती से पैरवी नहीं की।