भिवानी। सीआईए द्वितीय की टीम ने सीएससी संचालक से एक लाख 60 हजार रुपये की डकैती के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से 32 हजार रुपये, मोबाइल फोन का चार्जर व एक तलवार और चाकू बरामद किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी आनंद व उसके साथी कुलदीप को तीन दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला के निर्देश पर भिवानी सीआईए द्वितीय की टीम ने सीएससी संचालक से डकैती के मुख्य आरोपी व उसके साथी को गांव बड़वा से गिरफ्तार किया। सिवानी पुलिस को वार्ड 13 निवासी कुलदीप ने शिकायत दी थी। जिसमें उसने बताया था कि गत 21 अक्तूबर की शाम को अपना सेंटर बंद कर घर जा रहा था। इस दौरान रास्ते में तीन-चार लोगों ने उसका रास्ता रोककर तेजधार हथियारों से हमला कर चोटें पहुंचाई और एक लाख 60 हजार रुपये की डकैती डालकर ले गए। इस संबंध में सिवानी पुलिस ने डकैती की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। इसी मामले में सीआईए भिवानी द्वितीय की टीम ने आरोपी आनंद उर्फ कालिया वासी वार्ड 11 सिवानी व कुलदीप वासी गांव बड़वा को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल कर गहन पूछताछ की। इस दौरान उनकी निशानदेही पर दो अन्य आरोपियों को भी काबू किया। जिनकी पहचान राहुल उर्फ बच्ची वासी बड़वा व पवन उर्फ खबरी वासी रावत खेड़ा हिसार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी आनंद से 12 हजार व आरोपी कुलदीप से 20 हजार रुपये बरामद किए। वहीं मोबाइल फोन का चार्जर व एक चाकू भी बरामद किया।
लव मैरिज करने के लिए नहीं थे पैसे, आर्थिक तंगी में साथी भी डकैती में शामिल हुए
पूछताछ में मुख्य आरोपी आनंद ने बताया कि वह, कुलदीप और राहुल रंग पेंट का काम करते हैं वहीं आरोपी पवन खेतीबाड़ी का काम करता है। आरोपी आनंद ने बताया कि लव मैरिज करने के लिए पैसे नहीं थे, इसलिए इस वारदात को अंजाम दिया था। वहीं अन्य तीनों आरोपियों ने आर्थिक तंगी के चलते इस वारदात में आनंद का साथ दिया। आरोपी आनंद ने बताया कि कुछ दिन पहले सीएससी संचालक से पेटीएम द्वारा रुपये निकलवाने के लिए गए थे, जहां पर संचालक के थैले में अधिक रुपये देखने पर संचालक से डकैती की योजना बनाई थी। आनंद पर सिवानी पुलिस थाना में मारपीट, छीना झपटी, घर में घुसकर आग लगाने के तीन केस दर्ज हैं। आरोपी राहुल उर्फ बच्ची पर सिवानी में जान से मारने की धमकी देने, मारपीट, छीनाझपटी की धाराओं के तहत चार केस दर्ज हैं। आरोपी पवन निवासी राव खेड़ा हिसार पर मारपीट, चोरी, जान से मारने की धमकी देने के दो केस दर्ज हैं। पुलिस ने सोमवार को आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। वहीं पुलिस पांचवें आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास भी कर रही है।
जिले में गंभीर अपराध में शामिल अपराधियों की तत्परता से धरपकड़ की जा रही है। भिवानी सीआईए द्वितीय की टीम ने डकैती के मुख्य आरोपी और उसके साथियों को गिरफ्तार करने की सफलता मिली है। वहीं एक आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पूछताछ में आरोपियों के खिलाफ पहले भी सिवानी थाना में आपराधिक केस दर्ज हैं।
-वरुण सिंगला, पुलिस अधीक्षक भिवानी।