लोक निर्माण विश्राम गृह में आयोजित बैठक में उपस्थित मुख्यमंत्री के ओएसडी जवाहर यादव।
भिवानी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल चार दिन भिवानी में रहेंगे। मुख्यमंत्री दो अप्रैल को भिवानी आएंगे और पांच अप्रैल को वापस जाएंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री तीन हलकों के हर वर्ग व समाज के लोगों के बीच जाएंगे। मुख्यमंत्री के हर रोज चार से पांच जन-संवाद कार्यक्रम होंगे, जिसमें लोगों की समस्याएं जानेंगे और उनका समाधान करेंगे।
यह जानकारी मुख्यमंत्री के ओएसडी जवाहर यादव ने शनिवार को स्थानीय लोक निर्माण विश्राम गृह में दी। इस दौरान यादव ने भिवानी से विधायक घनश्याम सर्राफ, बवानीखेड़ा से विधायक बिशम्बर वाल्मीकि, भाजपा जिलाध्यक्ष शंकर धूपड़, हरियाणा युवा आयोग के चेयरमैन मुकेश गौड़ और तोशाम से पार्टी के प्रत्याशी शशी रंजन परमार के साथ मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर रूपरेखा तैयार की। यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री अपने इस चार दिवसीय कार्यक्रम में हलका बवानीखेड़ा, तोशाम व भिवानी में हर वर्ग के लोगों के बीच जाएंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री धार्मिक स्थलों पर भी जाकर संत-महात्माओं का आशीर्वाद लेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ संवाद कार्यक्रम में संबंधित हलका विधायक व जिलाध्यक्ष महत्वपूर्ण कड़ी का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के इस चार दिवसीय कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है।