भिवानी। नगर परिषद भिवानी में चेयरपर्सन चुनाव का टिकट दिलाने के नाम पर पूर्व महिला पार्षद से 52 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक को दी गई। इसकी प्रारंभिक जांच के बाद औद्योगिक पुलिस थाना में झज्जर के किरढोज गांव निवासी संजय के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।
पुलिस अधीक्षक भिवानी को दी शिकायत में बैंक कॉलोनी निवासी पूर्व पार्षद रेखा राघव ने बताया कि आरोपी संजय उसके रिश्ते में मामा के लड़के का चाचा ससुर लगता है। रेखा राघव ने ही आरोपी की लड़की का रिश्ता कराया था। इस तरह से आरोपी का मेलजोल था। रेखा राघव ने अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी संजय ने उससे कहा कि एक बड़ी राजनीतिक पार्टी से उसे नगर परिषद भिवानी की चेयरपर्सन का टिकट दिला देगा। इसके लिए पार्टी फंड के लिए पैसे देने होंगे। इसके बाद आरोपी को खाते व नकद 52 लाख रुपये दिए गए। उसे बाद में पता चला कि कोई पार्टी इतने पैसे पार्टी फंड नहीं लेती है तो इस संबंध में उसने अपने पैसे वापस मांगे।
पहले तो आरोपी बहाने बनाता रहा और बाद में उसने 30 और 20 लाख रुपये के दो चेक दिए जो बैंक में लगाने के बाद बाउंस हो गए। इसके बाद पैसा वापस मांगने पर आरोपी खुद मरने की धमकी देने लगा। पुलिस अधीक्षक ने मामले की प्रारंभिक जांच के आदेश दिए। जिसके बाद अब महिला पूर्व पार्षद रेखा राघव की शिकायत पर आरोपी संजय के खिलाफ धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।