राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भिवानी में नकल के लिए दीवार पर चढ़ते युवक।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की शनिवार को दसवीं के सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में शहरी दायरे के परीक्षा केंद्रों में नकल चली और बाहरी हस्तक्षेप रहा। वहीं प्रदेशभर में परीक्षा ड्यूटी में कोताही बरतने पर पांच पर्यवेक्षक कार्यभार मुक्त किए गए।
शहर के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के परीक्षा केंद्र पर सामाजिक विज्ञान की परीक्षा में परीक्षार्थियों को नकल कराने के लिए युवा दीवारों को फांदकर अंदर घुसे। युवाओं ने परीक्षार्थियों तक नकल की पर्चियां पहुंचाईं। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. वीपी यादव ने बताया कि सामाजिक विज्ञान के पेपर में परीक्षा ड्यूटी में कोताही पर पांच पर्यवेक्षक कार्यभार मुक्त किए हैं। गांव रोहनात परीक्षा केंद्र पर नकल का एक केस दर्ज किया।
वहीं बोर्ड सचिव कृष्ण कुमार के उड़नदस्ते ने हिसार के परीक्षा केंद्र जांचे। वहीं संयुक्त सचिव डॉ. पवन कुमार के उड़नदस्ते ने महेंद्रगढ़ और नारनौल, रेवाड़ी में परीक्षा केंद्र जांचे, जहां एक केस दर्ज किया। खरखोदा केंद्र के पर्यवेक्षक कमलदीप, सोनीपत शामडी केंद्र के पर्यवेक्षक राजबीर सिंह, मंगाली हिसार केंद्र के पर्यवेक्षक सुशीला को कार्यभार मुक्त किया। बोर्ड के अतिरिक्त सचिव विशेष उड़नदस्ता ने राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बामला में पर्यवेक्षक अनिता, परीक्षा केंद्र कुराना पानीपत में पर्यवेक्षक कविता को कार्यभार मुक्त किया।