राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक विजेता मुक्केबाज नीतू घनघस का मंगलवार को हरियाणा के भिवानी पहुंचने पर विजय जुलूस निकाला गया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते हुए खेलप्रेमियों, समर्थकों ने जीत की खुशी मनाई। नीतू ने अपना पदक सभी देशवासियों को समर्पित किया। वहीं नीतू के कोच जगदीश ने सरकार से मांग की कि कॉमनवेल्थ में गोल्ड मेडल लाने वाले खिलाड़ियों को डीएसपी नियुक्त किया जाए।
गांव धनाना की बेटी नीतू घनघस ने कॉमनवेल्थ गेम्स के 48 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड मेडल जीता है। नीतू की इस जीत पर जश्न मनाते हुए परिजनों व खेल प्रेमियों ने नीतू घनघस का जोरदार स्वागत किया और शहर में विजय जुलूस भी निकाला। वहीं उपायुक्त आरएस ढिल्लो ने भी नीतू को सम्मानित किया और बधाई दी।
नीतू घनघस ने कहा कि उसे अपनी मेहनत व अपने गुरु जगदीश के प्रशिक्षण पर पूरा भरोसा था। नीतू ने अपने गोल्ड को पूरे देशवासियों को समर्पित किया और गोल्ड जीतने का श्रेय अपने परिजनों व कोच जगदीश को दिया। नीतू ने कहा कि वो आगे और कड़ी मेहनत कर देश को एशियन व ओलंपिक में गोल्ड मेडल दिलाएगी।
नीतू के साथ बॉक्सिंग कर रही और तीन बार विश्व चैंपियन रही उसी के गांव धनाना की बॉक्सर साक्षी ने कहा कि नीतू की जीत हर बॉक्सर के लिए प्रेरणा है। नीतू की जीत पर खुशी जताते हुए साक्षी ने कहा कि वो भी एशियन व ओलंपिक के लिए कड़ी मेहनत करेंगी।
वहीं नीतू व साक्षी के गुरु द्रोणाचार्य अवॉर्डी कोच जगदीश ने कहा कि नीतू की मेहनत रंग लाई, जिसकी उन्हें बहुत खुशी है। कोच जगदीश ने हरियाणा सरकार से मांग की कि कॉमनवेल्थ में गोल्ड मेडल विजेता सभी खिलाड़ियों को डीएसपी नियुक्त किया जाए। इस अवसर पर कोच जगदीश, पिता जय भगवान, ताऊ रणबीर, प्रधान कमल प्रधान, मास्टर सतबीर रतेरा, अजीत बोडी, छोटूराम मस्ता, पवन घनघस, नफे घनघस, भूपेंद्र कोच, बंटी, तमन्ना, मनदीप सूई, अनिल शेषमां आदि उपस्थित रहे।