भिवानी।
चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर दीप्ति धर्माणी ने कहा है कि कलाकारों ने सदैव सभ्यता, संस्कृति और नैतिक मूल्यों को एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य किया है। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय ने शिक्षा के साथ-साथ कला, संस्कृति, साहित्य और सभ्यताओं को आगे बढ़ाने में अपना योगदान दिया है। वे शुक्रवार को ओल्ड कैंपस राधाकृष्णन सभागार में चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय (सीबीएलयू) और उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, प्रयागराज के संयुक्त तत्वावधान में हरियाणा दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे सात दिवसीय विरासत कला के पांचवें दिन के लोक रागनी गायन कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। कार्यक्रम का शुभारंभ छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. सुरेश मलिक, यशवीर, जगत नारायण भारद्वाज हरियाणा कला परिषद से रविंद्र श्योराण और एनसी जेडसीसी से मंथन कुमार सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर चंद्र गौड़ की टीम ने एक के बाद एक प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। प्रस्तुति देने वाले गायक कलाकारों मे लोक गायक राजबाला बहादुरगढ़, राजेश थुरानियां और पम्मी भारद्वाज शामिल रहे। इस दौरान प्रफोर्मिंग आर्ट डिपार्टमेंट के छात्र योगेश कुमार ने भी अपनी रागनी की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के अंत में डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रोफेसर सुरेश मलिक ने सभी कलाकारों और मेहमानों का स्वागत किया और बताया कि 31 अक्तूबर को युवा कवि सम्मेलन आयोजित होगा। उत्सव के अंतिम दिन 01 नवंबर को विभिन्न राज्यों के लोकनृत्यों की प्रस्तुतियां होंगी। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।