भिवानी। गांव धनाना में मादा गीदड़ के शिकार करने के आरोप में दो लोगों को नामजद करके सदर पुलिस थाना में केस दर्ज कर लिया गया है। जबकि मादा गीदड़ की उपचार के दौरान मौत हो चुकी है। पुलिस ने वन्य जीव अधिकारी की शिकायत पर सदर पुलिस थाना में मंढाणा निवासी अजय और सोमबीर के खिलाफ वाइल्ड लाइफ एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
शिकायत के मुताबिक वन्य जीव अधिकारी निरीक्षक सोनू को गत छह मई को गांव धनाना से सूचना मिली कि एक मादा गीदड़ को टोपीदार बंदूक से घायल कर दिया गया है। सूचना पाकर वे मौके पर पहुंचे और गीदड़ को रेस्क्यू कर उपचार के लिए भिवानी चिड़ियाघर में पहुंचाया। जहां उसका उपचार किया जा रहा था। लेकिन गत 22 मई को मादा गीदड़ ने उपचार के दौरान अपना दम तोड़ दिया। इसके बाद मादा गीदड़ के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। शिकायतकर्ता अधिकारी ने अपने तौर पर शिकारियों के बारे में पता किया तो सूचना मिली कि अजय और सोमबीर ने गीदड़ का शिकार किया था। इस बारे में सोमवार को आरोपियों पर केस दर्ज करने के लिए शिकायत दी। वहीं, पुलिस ने इस मामले में शिकायत के आधार पर अजय और सोमबीर को नामजद करके संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अपनी आगामी कार्रवाई में जुटी है।