भिवानी। जूई थाना के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने गाड़ी सवार कुछ व्यक्तियों पर पुलिसकर्मी बताकर उसका अपहरण करने प्रयास का आरोप लगाया है और अपनी व अपने परिवार की जान को खतरा बताया है। शिकायतकर्ता ने पुलिस पर भी लिखित शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में ढांगर निवासी घनश्याम ने हरियाणा के गृह मंत्री को शिकायत लिखी है और अपनी व अपने परिवार के लोगों की सुरक्षा की मांग की है।
गांव ढांगर निवासी घनश्याम ने आरोप लगाया कि उसका अपनी पत्नी के साथ विवाद चल रहा है। जिसके कारण कई लोग उससे रंजिश रखते हैं। गत 28 मार्च को वह खेत में काम कर रहा था। उसी दौरान एक ऑल्टो गाड़ी में पांच व्यक्ति आए। घनश्याम का आरोप है कि गाड़ी सवार एक व्यक्ति ने अपने आप को लोहारू एसएचओ बताया। जबकि गाड़ी सवार तीन व्यक्तियों ने जूई थाना में तैनात पुलिसकर्मी बताया। वहीं, एक अन्य व्यक्ति थोड़ी दूरी पर हथियार लिए खड़ा था। उक्त गाड़ी सवार व्यक्तियों ने उसे गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया। जब उसने शोर मचाया तो आसपास खेत में काम कर रहे लोगों ने उसे छुड़वाया। उसने इस बारे में डायल 112 को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। उसने जूई थाना में इस संबंध में लिखित शिकायत दी। 30 मार्च तक पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट होकर उसने गृह मंत्री अनिल विज, भिवानी डीसी को शिकायत दी है।।
घटना के बाद घर से बाहर जाने से लग रहा डर
गृह मंत्री अनिल विज को दी शिकायत में घनश्याम ने बताया कि उसके साथ इससे पहले भी गत फरवरी में नागरिक अस्पताल के वार्ड से अपहरण करने का प्रयास व जान से मारने की धमकी दी थी। इसके अलावा उसके साथ पहले भी मारपीट की घटना हो चुकी है। उसने पुलिस को इन संबंधों में लिखित शिकायत दी। लेकिन उसके बाद भी पुलिस की तरफ से कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई। अब उन्हें घर से बाहर जाते वक्त भी डर लग रहा है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके परिवार के बच्चे पढ़ाई के लिए स्कूल में जाने से डर रहे हैं, कहीं कोई अप्रिय घटना न हो जाएं।
अपहरण करने जैसी कोई मामला सामने नहीं आया है। ढांगर निवासी एक व्यक्ति और उसकी पत्नी के आपस का विवाद है। जिसमें वे आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे है।
-श्रीभगवान, प्रभारी जूई पुलिस थाना।