भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की सोमवार को 12वीं के भौतिक विज्ञान और अर्थशास्त्र की परीक्षा में 77 नकलची पकड़े। परीक्षा ड्यूटी में कोताही बरतने पर एक पर्यवेक्षक और एक ऑब्जर्वर को कार्यभार मुक्त किया है।
सोमवार को प्रदेशभर के 1101 परीक्षा केंद्रों पर 12वीं के भौतिक विज्ञान और अर्थ शास्त्र की परीक्षा हुई। इसके अलावा डीएलएड री-अपीयर व मर्सी चांस का समकालीन भारतीय समाज विषय की परीक्षा हुई। सोमवार को हुई परीक्षा में 82489 परीक्षार्थी शामिल हुए।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ वीपी यादव ने बताया कि उनके उड़नदस्ते ने नूंह के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया, जहां परीक्षा केंद्र रावमावि फिरोजपुर नमक पर दो, आईकेएम पब्लिक वमा वि पिनगवां में तीन और रावमावि मांडीखेड़ा में नकल का एक केस दर्ज हुआ। बोर्ड सचिव के उड़नदस्ते ने सोनीपत के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। परीक्षा केंद्र रावमावि कुंडली (सोनीपत) में नकल का एक केस दर्ज हुआ। बोर्ड की ओर से गठित किए गए अन्य उड़नदस्तों द्वारा प्रदेशभर में नकल के 70 मामले दर्ज किए गए।
उन्होंने बताया कि सहायक सचिव (संचालन) उड़नदस्ता भिवानी द्वारा चरखी दादरी के परीक्षा केंद्र राकवमावि रानीला-2 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा ड्यूटी में कोताही बरतने के कारण केंद्र पर नियुक्त ऑब्जर्वर जगपाल सिंह प्रधानाचार्य बीएमडी वमावि मकड़ाना एवं पर्यवेक्षक सीमा बाला पीटीआई राउवि लाम्बा को ड्यूटी से कार्यभार मुक्त कर दिया गया है।
मंगलवार को दसवीं के गणित विषय की परीक्षा होगी। जबकि डीएलएड री अपीयर व मर्सी चांस का स्कूल संस्कृति नेतृत्व और परिवर्तन विषय की परीक्षा होगी। प्रदेश भर में 1420 परीक्षा केंद्रों पर 313895 परीक्षार्थी शामिल होंगे। संवाद