लोहारू(भिवानी)। शनिवार रात एक लावारिस सांड की टक्कर से घायल हुए एक 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। इस घटना के बाद से ही शहर के लोगों का प्रशासन के प्रति काफी आक्रोश देखने को मिल रहा है। पहले ही लावारिस पशुओं की टक्कर से अनेक लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। लोगों ने प्रशासन से लावारिस पशुओं और बंदरों की समस्या का शीघ्र समाधान किए जाने की मांग की है।
शहर के वार्ड 10 निवासी मांगेराम (55) ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का गुजारा करता था। शनिवार देर शाम वह काम से परशुराम चौक पर गया था। वहां लावारिस पशुओं के एक झुंड में से एक सांड ने टक्कर मार दी और वह बेहोश होकर गिर गया। मौके पर मौजूद कृष्ण और अशोक सहित अनेक लोगों ने उसे उठाया और लोहारू सीएचसी में दाखिल पहुंचाया। लेकिन सीएचसी में उसे प्राथमिक उपचार के बाद उच्च अस्पताल में रेफर कर दिया। मांगेराम के परिजन उसे निकटवर्ती पिलानी के एक अस्पताल में ले गए। जहां मांगेराम के सिर में कथित रूप से गुम चोट बताई गई थी। जैसे ही मांगेराम घर पहुंचा तो उसकी मौत हो गई।
रविवार को मांगेराम का अंतिम संस्कार कर दिया गया। राकेश आर्य, रिकी और मोहल्ले के लोगों ने बताया कि ये लावारिस पशु आए दिन लोगों को चोट पहुंचा रहे हैं। इनकी कई बार प्रशासन को शिकायत भी कर चुके हैं। लेकिन इनका कोई समाधान नहीं हो पा रहा।